रातभर तड़पता रहा बच्चा: मासूम की शरारत पर इतनी बेरहम सजा, मास्टर जी ने चांटा मारकर फाड़ दिया कान का पर्दा
-उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में 17 फरवरी की वारदात, मां ने अगले दिन की पीसीआर कॉल, जग प्रवेश चंद अस्पताल में हुआ इलाज
-इलाज के बाद मासूम के परिजनों ने नहीं दिया बयान, पीसीआर कॉल के आधार पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर किया मामला दर्ज
विस्तार
दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शरारत करने से नाराज मास्टर ने छह साल के मासूम को ऐसा चांटा मारा कि उसके कान का पर्दा फट गया। मासूम दर्द से छटपटाने लगा। बाद में परिजन उसे घर ले गए। मासूम दर्ज की वजह से रातभर छटपटाया। अगले दिन परिजन उसे जग प्रवेश चंद अस्पताल पहुंचे। बाद में वहां से पीसीआर कॉल कर दी।
इलाज के बाद मासूम की छुट्टी कर दी गई। परिवार ने बेटे को पीटने के संबंध में कोई शिकायत या बयान नहीं दिया है। पुलिस ने वारदात के तीन दिन बाद स्वत: संज्ञान लेते हुए आरोपी टीचर के खिलाफ जेजे एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मासूम परिवार के साथ खजूरी इलाके में रहता है। वह श्रीराम कॉलोनी के नगर निगम स्कूल में पहली कक्षा का छात्र है। 17 फरवरी को वह स्कूल में कोई शरारत कर रहा था। इस बात पर एक टीचर ने उसके कान पर जोरदार थप्पड़ मार दिया।
थप्पड़ लगते ही मासूम दर्द से छटपटाने लगा। बाद में छट्टी के समय परिजन उसे घर ले गए। रातभर उसके कान में दर्द रहा। वह रोता रहा। अगले दिन उसे अस्पताल ले जाया गया। वहा पिटाई का पता चलने के पुलिस को कॉल की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की जानकारी जुटी ली।
मासूम की मां बेटे को लेकर घर आ गई। उसने पति के बिहार में होने की बात कह बयान देने या शिकायत देने से इनकार कर दिया। पुलिस परिवार के बयानों का इंतजार करती रही। इस बीच 21 फरवरी को पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चांटा लगाने वाले टीचर की तलाश की जा रही है।