आप मंत्री को SC की फटकार, काम के बजाय क्यों बैठे हैं कोर्ट में?
आज सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा को कोर्ट में बैठा देखकर कड़ी नाराजगी जताई और उन्हें फटकार लगाई। कोर्ट ने कपिल से कहा कि लोगों की पानी की समस्या सुलझाने की बजाय आप कोर्ट में बैठे हैं।
बता दें कि हरियाणा में जाट आंदोलन की वजह से दिल्लीवासियों को पानी की काफी किल्लत झेलनी पड़ रही है। पानी की मुश्किल का ही हल निकालने के लिए दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी जिसकी सुनवाई के लिए आज दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा कोर्ट पहुंचे थे।
अदालत में जैसे ही जज पहुंचे उन्होंने कपिल को कोर्ट में देखा और वो बेदह नाराज हो गए। उन्होंने कपिल से कहा कि जब आपको पानी की समस्या का निवारण करना चाहिए आप कोर्ट में बैठे हैं। ये दो सरकारों के बीच विवाद का मामला है इसे आपको खुद ही सुलटना चाहिए।
हर बात के लिए ना आएं कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कपिल को तल्ख शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा कि ये आपने हर परेशानी के लिए सुप्रीम कोर्ट आने का आसान रास्ता ढूंढ लिया है। लेकिन हर परेशानी के लिए सुप्रीम कोर्ट आना पहला और अंतिम विकल्प नहीं है।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार और यूपी सरकार को मुनक नहर मामले में नोटिस जारी कर दिल्ली को पानी की व्यवस्था करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार मुनक नहर की मरम्मत चल रही है और शाम 4 बजे तक नहर से पानी दिल्ली आने लगेगा। वहीं कोर्ट ने मुनक नहर केस की सुनवाई की अगली तारीख 25 फरवरी तय की है।