प्रदूषण का बहाना बना कर स्टेडियम से बाहर भागे श्रीलंकाई खिलाड़ी, फिर फूटा कोहली का गुस्सा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई, तमाम तरह की आवाजें उठीं, लेकिन दिल्ली की बदनाम हवा को कोई रोक नहीं पाया। नतीजतन रविवार को फिरोजशाह कोटला में दिल्ली की प्रदूषित हवा ने भारत और श्रीलंका के बीच चल रहे टेस्ट मैच को रोकने का वह कारनामा अंजाम कर दिखाया, जिसने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी उठाने के लिए मजबूर कर दिया।
प्रदूषित हवा के चलते न सिर्फ खेल रोकना पड़ा बल्कि श्रीलंकाई टीम के तीन खिलाडिय़ों को उपचार के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा। एक समय तो श्रीलंका के मैदान पर 10
खिलाड़ी ही बचे। उनके पास क्षेत्ररक्षण के लिए 11वां खिलाड़ी ही उपलब्ध नहीं था। खेल रुका था।
यहीं पर गुस्साए कप्तान विराट कोहली ने भारतीय पारी घोषित कर ड्रेसिंग रूम से मैदान पर खेल रोके खडृी श्रीलंकाई टीम को इशारा कर कहा अब वह इन परिस्थतियों में उन्हें गेंदबाजी करके दिखाएंगे।
पूरा कोटला विराट कोहली के दोहरे शतक की खुमारी में डूबा था और उनके तिहरे शतक की वाट जो रहा थाए लेकिन लंच के बाद श्रीलंका के आठ खिलाड़ी मास्क पहनकर मैदान पर उतरे। आधे घंटे बाद ही खेल रोकना पड़ा।
कब-कब रुका खेल
17 मिनट के लिए : 12.32 से 12.49
5 मिनट के लिए : 1.14 से 1.19
3 मिनट : 1.25 से 1.28
दस ही खिलाड़ी बच गए श्रीलंका के मैदान पर
श्रीलंकाई क्रिकेटरों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। सबसे पहले गेंदबाज लाहिरू गमागे सीना पकड़कर बैठ गए। इस दौरान 12.32 से 12.49 तक 17 मिनट के लिए खेल रुका। इस दौरान अंपायरों ने मैच रेफरी डेविड बून और दोनों कप्तानों से बात की।
1 बजकर 14 मिनट से 1.19 तक फिर खेल रुका और गमागे बाहर चले गए। इस दौरान श्रीलंकाई मैनेजर असांका गुरुसिंघे और कोच निक पोथास के अलावा भारतीय कोच रवि शास्त्री ने मैदान पर आकर अंपायरों से बात की।
दोबारा खेल रोके जाने पर ढाई सौ रन के मुुहाने पर खड़े विराट ने गुस्से में अपना बल्ला फेंक दिया। इसके बाद जब खेल शुरू हुआ तो एकाग्रता भंग होने के चलते उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा।
1.25 पर तीसरी बार जब खेल रुका तो तेज गेंदबाज लकमल भी बाहर चले गए। श्रीलंका के पास मैदान पर 10 खिलाड़ी ही बचे।
गुस्साए कोहली ने की पारी घोषित, कहा-हम करके दिखाते हैं गेंदबाजी
बार-बार व्यवधान आने से गुस्से में आए कोहली ने ड्रेसिंग रूम से पारी घोषित कर कहा कि इस प्रदूषित हवा में उनकी टीम गेंदबाजी करके दिखाएगी। उन्होंने बाकायदा उंगली दिखा जडेजा और साहा को आने को कहा।
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच भरत अरुण भी बोले, कोहली दो दिनों तक मैदान पर डटे रहे। उन्हें मास्क की जरूरत नहीं पड़ी। परिस्थितियां दोनों टीमों के लिए एक जैसी थीं। कप्तान 550 पर पारी घोषित करना चाह रहे थे।
इस स्कोर के पास पहुंच भी गए थे, लेकिन विराट ने पारी घोषित करना उचित समझा। शास्त्री ने मैदान पर जाकर यही कहा कि खेल को बंद नहीं किया जाए। इसे रोकने की जरूरत नहीं है।
ड्रेसिंग रूम में लगी ऑक्सीजन
श्रीलंका के कोच निक पोथास ने खुलासा किया उनकी टीम ने ऐसी स्थिति का सामना कभी नहीं किया। सुरंगा लकमल और धनंजय डिसिल्वा उल्टियां कर रहे थे। स्थिति ऐसी थी कि उन्हें चेंज रूम में ऑक्सीजन लगवानी पड़ी।
वह मैदान पर यही बताने गए थे कि सभी खिलाड़ी बीमार हैं। उनके पास 11वां खिलाड़ी नहीं है। पोथास साफ करते हैं कि टीम प्रदूषण की परिस्थितियों से वाकिफ कराना चाह रही थी। मंशा खेल रोकने की नहीं थी। सोमवार को ऐसी स्थितियां बनने पर अंपायर और मैच रेफरी को निर्णय लेना होगा।
भारतीय खिलाड़ियों ने ड्रेसिंग रूम में पहना मास्क
श्रीलंका के खिलाड़ी तो मैदान पर मास्क पहने उतरे, लेकिन कुछ भारतीय खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में पहले से ही मास्क पहने बैठे थे। रोहित शर्मा, कुलदीप यादव, उमेश यादव और मुरली विजय को मास्क पहने देखा गया।
लंच के बाद श्रीलंका की टीम मास्क पहनकर उतरी तो सभी भारतीयों ने मास्क उतार दिए। जिस दौरान कोटला पर खेल रुका था उस समय आईटीओ पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 206 नापा गया जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक की श्रेणी में आता है।
स्कोर बोर्ड :
भारत पहली पारी : 536/7
श्रीलंका पहली पारी : 131/3