Delhi: खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं, सफदरजंग अस्पताल के नए स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर को हुआ एक साल
सेंटर के निदेशक डॉ. दीपक जोशी ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कपिल सूरी की अध्यक्षता में सेंटर ने काफी खिलाड़ियों को विश्व स्तर की सुविधाएं दी। मौजूदा समय सेंटर में अंडरवाटर ट्रेडमिल सहित दूसरी आधुनिक सुविधाएं हैं।
विस्तार
खिलाड़ियों की गति, ताकत, तनाव, और दबाव का पता लगाकर सफदरजंग अस्पताल का स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर जल्द सटीक इलाज करेगा। सुविधाओं में सुधार के लिए सेंटर अगले कुछ माह में बायोमेकैनिकल लैब विकसित करेगा।
विशेषज्ञों का कहना है बायोमेकैनिकल लैब एक ऐसी प्रयोगशाला होगी जिसमें बायोमेकैनिक्स से संबंधित अध्ययन और अनुसंधान किया जाएगा। इसकी मदद से खिलाड़ियों के शरीर के यांत्रिक पहलुओं का अध्ययन होगा। इसमें उनकी हड्डियां, मांसपेशियां, जोड़, और उनके बीच के गतिशील संबंध की जांच होगी। साथ ही शारीरिक गतिविधियों और शरीर के आंतरिक तंत्र की गतिशीलता की जांच कर शरीर की गति, ताकत, तनाव, और दबाव को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा। समस्या की पकड़ होने पर खिलाड़ियों का सटीक इलाज होगा।
इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए एंटी-ग्रेविटी ट्रेडमिल भी आएगा। यह मुख्य रूप से भागने वाले खिलाड़ियों के लिए मददगार होगा। इस उपकरण में शरीर के निचले छोरों पर प्रभाव को कम करने के लिए लिफ्टिंग प्रभाव का उपयोग होता है। इसकी मदद से चोट, घुटने और कूल्हे के प्रतिस्थापन या स्ट्रोक के बाद शारीरिक उपचार में मदद मिलती है। साथ ही खिलाड़ियों की सटीक सर्जरी के लिए सेंटर में रोबोट भी आएगा। इसकी मदद से खिलाड़ियों की रिकवरी जल्द हो सकेगी।
सेंटर के निदेशक डॉ. दीपक जोशी ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कपिल सूरी की अध्यक्षता में सेंटर ने काफी खिलाड़ियों को विश्व स्तर की सुविधाएं दी। मौजूदा समय सेंटर में अंडरवाटर ट्रेडमिल सहित दूसरी आधुनिक सुविधाएं हैं। जल्द दूसरी सुविधाएं भी इनमें जुड़ने वाली हैं। इनकी मदद से भागने वाले खिलाड़ियों का इलाज व पुनर्वास जल्द हो सकेगा, ताकि देश के लिए मेडल हासिल कर सकें।
देती है बेहतर सुविधा
सेंटर खेल और जोड़ों के विकारों के लिए व्यापक शल्य चिकित्सा, पुनर्वास और नैदानिक सेवाएं प्रदान करता है। यहां पर खिलाड़ियों को अत्याधुनिक तकनीक और बहु-विषयक विशेषज्ञता की सुविधा दी जाती है। राष्ट्रमंडल खेलों से ठीक पहले साल 2008 में अस्पताल ने स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर की स्थापना की। पिछले साल विस्तारित क्षमता के साथ उन्नत और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इसे नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया। मौजूदा समय सेंटर में टेक्नो जिम, अंडरवाटर ट्रेडमिल, हाइड्रोथेरेपी पूल और उन्नत संतुलन प्रणाली सहित अन्य सुविधा है। इसके अलावा वैक्यूम स्पोर्ट्स मशीन, व्यक्तिगत बायोफीडबैक सुदृढ़ीकरण प्रणाली और आगामी बायोमैकेनिक और मोशन एक्शन लैब्स के साथ अन्य सुविधाएं होंगी।