बातों का गुब्बारा उड़ाती है भाजपा: सोनिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ प्रधानमंत्री पद की कुर्सी ही दिख रही है। सोमवार को नूंह में जनसभा के दौरान सोनिया ने भाजपा को बातों का गुब्बारा उड़ाने वाली पार्टी करार दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा को केवल प्रधानमंत्री की कुर्सी दिख रही है। नकाब बदलकर बातें करने वाले भाजपा नेता देश को गुमराह कर रहे हैं। जबकि, कांग्रेस सिर्फ विकास के लिए नहीं, संविधान की सुरक्षा और एकता के लिए संघर्ष कर रही है। हम एक-एक भारतीय को जोड़कर रखने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
जबकि, कुछ लोग भारत को तोड़ने के लिए मैदान में हैं। यह चंद लोगों का भारत नहीं, सबका भारत है। इससे पहले सोनिया गांधी ने भाषण की शुरुआत आदाब से की।
प्रचार नहीं दुष्प्रचार कर रही है बीजेपी
सोनिया गांधी ने भाजपा को दुष्प्रचार करने वाली पार्टी की संज्ञा देते हुए लोगों से भ्रम में न पड़ने की अपील की। नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि चंद लोग अपने लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इस मौके पर सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कराए गए विकास कार्यों का विशेष तौर से उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मेवात ने काफी तरक्की की है। भोजन, शिक्षा, सूचना के अधिकार का भी उन्होंने उल्लेख किया। कांग्रेस के एजेंडे में शामिल स्वास्थ्य के अधिकार की विशेष तौर से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आर्थिक विकास दर तेजी से बढ़ेगी। यूपीए के काम की सराहना करते हुए सोनिया ने कहा कि विपक्ष बड़े-बड़े दावे करने में जुटा हुआ है।
जबकि कांग्रेस का इतिहास और उसके काम देश के सामने हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम ऐसा भारत नहीं देखना चाहते हैं, जहां कुछ ही लोगों की तरक्की नजर आए। कांग्रेस उस हर व्यक्ति के लिए संघर्ष करेगी जो धर्मनिरेपक्ष है। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस को एक बार फिर से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि उनकी पार्टी लोगों को जाति और (भाषा) में बांटने में विश्वास नहीं करती है।
और कोई नहीं करा पाएगा इतने काम
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मेवात में चुनाव प्रचार के लिए आईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। हुड्डा के गिनाए विकास कार्यों के जवाब में सोनिया गांधी ने अपने भाषण के दौरान उनकी तारीफों के पुल बांधे। अपनी तारीफ सुनकर मुख्यमंत्री भी गदगद हुए बिना नहीं रह सके।
सोनिया गांधी ने कहा कि हुड्डा सरकार ने मेवात की तरक्की के काम किया। पेयजल व्यवस्था, मेवात को जिले का दर्जा, शिक्षक व चिकित्सक का कॉडर तय करने जैसे बड़े काम इसी शासन में हुए। उन्होंने कहा कि इससे पहले हरियाणा में अन्य दलों की सरकार में मेवात का विकास थमा हुआ था। इससे कांग्रेस शासन की तुलना करें तो मेवात बहुत विकसित नजर आएगा।
उन्होंने हुड्डा शासन पर मुहर लगाते हुए कहा कि कांग्र्रेस की सोच हमेशा विकास की रही है, हरियाणा में विकास इसी का परिणाम है। सोनिया ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में भी नई पहल की है। चुनाव बड़े-बड़े वादे करने के लिए नहीं, विकास एवं तरक्की के लिए है।