कलयुगी पुत्रवधू: पुलिसकर्मियों के सामने SI बहू ने की बुजुर्ग ससुर की पिटाई, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
66 वर्षीय बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ गढ़वाली मोहल्ले में रहते हैं। उनका बेटा सरकारी नौकरी में है और वह दिल्ली से बाहर रहता है। नवंबर 2020 में बुजुर्ग के बेटे की शादी दिल्ली पुलिस में तैनात एसआई से हुई थी।
विस्तार
लक्ष्मी नगर इलाके के एक घर में पुलिसकर्मियों के सामने बुजुर्ग की पिटाई करने का वीडियो वायरल हो रहा है। बुजुर्ग की दो महिला पिटाई कर रही हैं। जिसमें एक बुजुर्ग की बहू बताई जा रही है और वह दिल्ली पुलिस में एसआई के पद पर तैनात है।
पीड़ित बुजुर्ग का आरोप है कि शिकायत के बाद भी लक्ष्मी नगर थाने की पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि इस मामले में मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी महिला जिस विभाग में तैनात है वहां के अधिकारियों को उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए कहा है।
66 वर्षीय बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ गढ़वाली मोहल्ले में रहते हैं। उनका बेटा सरकारी नौकरी में है और वह दिल्ली से बाहर रहता है। नवंबर 2020 में बुजुर्ग के बेटे की शादी दिल्ली पुलिस में तैनात एसआई से हुई थी। शादी के कुछ महीने के बाद ही उनका बेटा और बहू उनसे अलग द्वारका में रहने लगे। वहां दोनों के बीच विवाद हो गया। बहू बेटे को छोड़कर अपने मायके में रहने लगी। मामला अदालत में विचाराधीन है।
आरोप है कि बुजुर्ग की बहू रविवार शाम को अपनी मां के साथ बुजुर्ग के घर पहुंची और घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ने लगी। बुजुर्ग दंपती ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर एक पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचा।
पुलिसकर्मी के पहुंचने पर दंपती ने घर कर दरवाजा खोला, आरोप है कि उनकी पुत्रवधु ने अपनी मां के साथ मिलकर पुलिसकर्मी के सामने उनकी जमकर पिटाई कर दी। यह वारदात बुजुर्ग के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।