घर वालों को बाथरूम में बंद कर 18 लाख की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-24 थाना अंतर्गत सेक्टर-52 के बी ब्लॉक स्थित लकड़ी कारोबारी के घर शुक्रवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश करीब 15 लाख रुपये कीमत के जेवर और तीन लाख नगदी लूटकर फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर नौकरानी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पॉश माने जाने वाले सेक्टर-52 स्थित बी-156 में लकड़ी कारोबारी अनिल जैन सपरिवार रहते हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह वह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी रितु जैन और नौकरानी थी।
मारने की धमकी दी और बाथरूम में बंद कर दिया
करीब 10:45 बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए और उन्होंने चाकू की नोक पर नौकरानी और रितु को बंधक बना लिया। बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और बाथरूम में बंद कर दिया।
बदमाशों ने सेफ बॉक्स में रखी करीब तीन लाख की नगदी और 15 लाख के आभूषण लूट लिए और छत के रास्ते फरार हो गए। किसी तरह से रितु बाथरूम से बाहर निकली और उन्होंने पति को सूचना दी।
अनिल घर पहुंचे और उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को लूटपाट की घटना के बारे में बताया।
उन्हें अपनी नौकरानी पर भी शक है
मौके पर पुलिस टीम पहुंची और छानबीन की। कारोबारी का कहना है कि किसी ने बाकायदा उनके घर की रेकी करने के बाद लूट की घटना को अंजाम दिया। उन्हें अपनी नौकरानी पर भी शक है।
वहीं, डीएसपी डॉ. अनूप कुमार का कहना है कि मामले में नौकरानी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल बदमाशों के बारे में कुछ भी पता नहीं लग पाया है। वहीं, दिनदहाड़े हुई घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।