Delhi: पुलिस मुठभेड़ में लॉरेंस-गोल्डी गैंग का शूटर गिरफ्तार, पूर्व विधायक के घर पर गोली चलाने का मामला
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग के शूटर को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
पंजाब के फरीदकोट से शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक और बड़े शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा के घर पर फायरिंग करने वाले बदमाश को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मुठभेड़ के बाद दबोचा है। आरोपी की पहचान भटगांव, सोनीपत, हरियाणा निवासी सोमवीर उर्फ तोतला (23) के रूप में हुई है।
सोमवीर उर्फ तोतला लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग का शूटर है। गैंग ने पूर्व विधायक से करोड़ों की रंगदारी मांगी थी। रुपये देने से इंकार करने पर गोल्डी बरार ने सिग्नल एप के जरिये तीन शूटरों को पूर्व विधायक के घर गोली चलाने का आदेश दिया था। आठ दिसंबर को अपराध शाखा ने मामले में दो शूटर आकाश उर्फ कासा और नितेश उर्फ सिंती को गिरफ्तार कर लिया था।
इसके बाद बुधवार देर रात पुलिस बदमाश सोमवीर की मुठभेड़ हुई। सोमवीर ने टीम को देखते ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी दो राउंड हवाई फायर किए गए। बाद में आरोपी को काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला दीप मल्होत्रा का पंजाब, हरियाणा और उत्तर-प्रदेश में शराब का बड़ा कारोबार है। गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई गैंग लगातार व्हाट्सएप पर मैसेज और वायस मैसेज भेजकर मोटी रकम रंगदारी के रूप में डिमांड कर रहा था। मना करने पर गैंग ने पंजाब में शराब की दो दुकानों में आग लगा दी थी।
छानबीन के बाद अपराध शाखा ने आठ दिसंबर को आकाश और नितेश को दबोच लिया। इनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल और छह कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली। दोनों से पूछताछ के बाद पता चला कि वारदात में एक और बदमाश शामिल है। टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
पीरागढ़ी के पास हुई मुठभेड़
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दीप मल्होत्रा के घर गोली चलाने वाला बदमाश पीरागढ़ी इलाके में आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने वहां पर जाल बिछा दिया। आरोपी सोमवीर वहां पहुंचा जैसे ही पुलिस ने उसे काबू करने का प्रयास किया उसने पुलिस टीम पर एक राउंड गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी।
जेल में हुई गोल्डी बरार-लॉरेंस के गुर्गों से दोस्ती
सोमवीर के खिलाफ सोनीपत में दो मामले दर्ज हैं। हत्या के प्रयास के मामले में वह जेल में बंद था। वहां उसकी मुलाकात गैंगस्टर आकाश कस्सा से हुई। दोनों दोस्त बन गए। इस बीच जेल में दोनों को गोल्डी और लॉरेंस के गुर्गे मिले। वहां से इनकी गैंग से नजदीकियां बढ़ी। दोनों ने गैंग के लिए काम करना शुरू कर दिया।