सत्य निकेतन हादसा: सनोज कासगंज से गिरफ्तार; मालिकों को पता था नींव अतिरिक्त भार नहीं सह सकती? पुलिस ने बताया
सत्य निकेतन में पीजी इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हुई। लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज गिरफ्तार किया गया। मालिक हरिराम, उर्मिला व बेटे महेश हिरासत में हैं। मरम्मत व अतिरिक्त निर्माण की जांच जारी है।
विस्तार
पुलिस ने दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पेइंग गेस्ट (पीजी) इमारत गिरने से सात लोगों की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश के कासगंज से लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को गिरफ्तार कर लिया है। ये कासगंज में अपने रिश्तेदार के यहां छिपकर रहा था। कॉन्ट्रैक्टर, सनोज, को ''हॉस्टल डेज पीजी'' वाली बिल्डिंग में हुए कंस्ट्रक्शन और मरम्मत के काम की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उससे पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर इमारत के गिरने की मुख्य वजह क्या थी।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने दो अन्य आरोपियों - पूर्व आईएएफ सार्जेंट हरिराम और उनकी पत्नी उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि उनके बेटे महेश को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। महेश ने पुलिस को बताया है कि इमारत के बेसमेंट में पिछले 8-10 दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था, क्योंकि कई दिनों की बारिश के कारण वहां कचरा और पानी जमा हो गया था।
ग्राउंड फ्लोर पर भी विस्तार के लिए मरम्मत का काम चल रहा था, जो कमर्शियल मकसद से किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि जिस दिन बिल्डिंग गिरी, महेश और उसके परिवार को स्थानीय लोगों से घटना के बारे में पता चला, जिसके बाद वे राजस्थान के भिवाड़ी में महेश के ससुराल चले गए। एक सूत्र ने बताया कि असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर प्रफुल टोप्पो की शिकायत पर इस मामले में केस दर्ज किया गया।
एफआईआर के अनुसार, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पूरी बिल्डिंग गिर चुकी थी और कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए थे। इस बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर और चार ऊपरी मंजिलें थीं, जहां कई छात्र और अन्य लोग रहते थे। एफआईआर के अनुसार, स्थानीय पूछताछ से पता चला कि बिल्डिंग कई साल पुरानी थी और इसके मालिकों हरिराम और उनके भाई ने कथित तौर पर किराए से कमाई के लिए और मंजिलें बनाई थीं। एफआईआर में ये भी कहा गया है कि नए कंस्ट्रक्शन से बिल्डिंग के ढांचे पर दबाव पड़ा।
पुलिस का आरोप है कि मालिकों को पता था कि मौजूदा बिल्डिंग की नींव अतिरिक्त भार नहीं सह सकती। जांच में बिल्डिंग में रहने वालों के साथ किए गए कथित रेंट एग्रीमेंट (किरायेदारी समझौते) की भी जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दस्तावेज़ में कहा गया है कि पीजी चलाने वाले किरायेदार को होने वाले किसी भी "जान-माल के नुकसान या जोखिम" के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे। इसमें यह भी कहा गया है कि हॉस्टल प्रशासन ऐसी स्थितियों में व्यक्तिगत चोट, सामान के नुकसान या बर्बादी के लिए मुआवजा देने के लिए जिम्मेदार नहीं होगा जो उनके नियंत्रण से बाहर हों, जैसे कि सीलिंग, आग, भूकंप, भारी बारिश और अन्य प्राकृतिक आपदाएं।
एग्रीमेंट में कहा गया है कि तय समय से पहले हॉस्टल छोड़ने वाले किरायेदार हॉस्टल फीस या सिक्योरिटी मनी की वापसी के हकदार नहीं होंगे। इसमें कहा गया है कि पीजी सीट बुक करने के लिए जमा की गई रजिस्ट्रेशन मनी वापस नहीं की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस दस्तावेज में ऑपरेटरों को अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार, नियमों का उल्लंघन, अधिकारियों के प्रति अनादर, बकाया राशि का भुगतान न करने, या वार्डन, स्टाफ या अन्य छात्रों के साथ गलत व्यवहार करने पर किरायेदार को तुरंत निकालने का अधिकार भी दिया गया है। एग्रीमेंट के अनुसार, माता-पिता और अभिभावकों को किरायेदारों के कमरों में जाने की मनाही थी।