DUTA Elections : डीयू शिक्षक संघ चुनाव में लहराया भगवा परचम, भाजपा समर्थित एनडीटीएफ के प्रो. नेगी बने अध्यक्ष
भाजपा समर्थित शिक्षक संगठन एनडीटीएफ के प्रो वीएस नेगी डूटा अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने वामपंथी संगठन डीटीएफ के प्रो राजीव रे को 638 मतों से हराया।
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव में भगवा परचम लहराया है। भाजपा समर्थित शिक्षक संगठन एनडीटीएफ के प्रो वीएस नेगी डूटा अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने वामपंथी संगठन डीटीएफ के प्रो राजीव रे को 638 मतों से हराया। बीते साल भी एनडीटीएफ ने डूटा अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी। तब प्रो ए.के भागी अध्यक्ष बने थे। रात दो से तीन बजे के बीच घोषित किये गए थे नतीजे। प्रो को 3766 वोट मिले जबकि राजीब रे को 2728 वोट मिले। आम आदमी पार्टी के शिक्षक संगठन एएडी टीए के राजेश झा को 1451 मत मिले।
डूटा चुनाव में 84 प्रतिशत मतदान, कार्यकारिणी के नतीजे घोषित
दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) के चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान उत्साहपूर्ण रहा, जिसमें 9,800 पात्र शिक्षकों में से 8,221 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार 84 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2023 में दर्ज 85.85 प्रतिशत से थोड़ा कम है।
कला संकाय और सत्यकाम भवन में स्थापित 32 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हुए मतदान में अध्यक्ष पद के छह उम्मीदवारों और कार्यकारिणी सदस्यों के 15 पदों के लिए 25 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला हुआ। अध्यक्ष पद के लिए मतगणना देर रात तक जारी रही और जबकि कार्यकारिणी के नतीजे घोषित किए गए।
डूटा कार्यकारिणी के लिए 15 सदस्य चुने गए, जिनमें आकांक्षा खुराना 9,576 वोट पाकर शीर्ष पर रहीं। उनके बाद रामानंद सिंह (9,192) और मनीष कुमार (7,372) रहे। अन्य विजेता हैं साक्षी यादव (6,612), दिनेश कटारिया (6,439), अमित सिंह (6,388), बिमलेंदु (6,081), संजय कुमार (5,862), विश्वजीत मोहंती (5,658), छोटू राम मीना (5,632), भूपेन्द्र सिंह (5,338), यश यादव (5,283), वी एस दीक्षित (5,238), देवेन्द्र के राणा (4,521) और धनराज मीना (3,949).
डूटा चुनाव के रंग में रंगा नजर आया कैंपस
दिल्ली विश्वविद्यालय बृहस्पतिवार को शिक्षक संघ चुनाव के रंग में रंगा नजर आया। चुनाव को लेकर शिक्षकों में सुबह से ही उत्साह रहा। सुबह 10 बजे शुरू मतदान पांच बजे तक चला जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक वोट डालने के लिए पहुंचे। इस दौरान मतदान केंद्रो के बाहर प्रत्याशी व उनके समर्थक वोट मांगते रहे। मतदान के बाद देर शाम वोटों की गिनती भी शुरू हो गई। एक हजार वोटों की गिनती तक एनडीटीएफ के प्रत्याशी डॉ. वीएस नेगी करीब 300 वोट से आगे चल रहे थे। नॉर्थ कैंपस स्थित आर्ट फैकल्टी व सत्यकाम भवन में सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होने के बाद शाम 5 बजे संपन्न हुई। शाम 6 बजे के बाद वोटों की गिनती का काम शुरू हुआ। चुनाव में करीब 75-80 फीसदी मतदान हुआ।
मतदान केन्द्रों के बाहर शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि अपने उम्मीदवार के लिए वोट देेने की अपील करते रहे। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। आर्ट्स फैकल्टी से लेकर पूरे कैंपस चुनावी रंग में रंगा रहा। मतदान संपन्न होते ही वोटों की गिनती का काम शुरू हो गया। डीयू में शिक्षकों के रुप में 9,873 मतदाता हैं। इसमें से 75-80 फीसदी ने अपने मत का प्रयोग किया। शुरुआती एक हजार वोटों की गिनती में राइट विंग शिक्षक संगठन एनडीटीएफ के प्रो. वीएस नेगी आगे चल रहे थे। दूसरे नंबर पर डीटीएफ के राजीब रे थे।