ग्रेटर नोएडाः चलती कार बनी आग का गोला, जिंदा जला इंजीनियर
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में मंगलवार(25 दिसंबर) तड़के करीब 5.30 बजे एक भयावह हादसे में कार चला रहे इंजीनियर की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के बाद पुलिस ने शव के अवशेष अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दरअसल आज सुबह डीपीएस सोसाइटी के पास एक कार में आग लग गई, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पहले यह समझा जा रहा था कि खाली कार में आग लगी है लेकिन पुलिस के पहुंचने पर यह मालूम पड़ा कि कार में कोई बैठा है।
यह पता चलने के बाद कार की आग बुझाने की भरसक कोशिश की गई लेकिन कार में बैठे शख्स को नहीं बचाया जा सका। गाड़ी से मिले दस्तावेज से मृतक की पहचान पवन नाम के शख्स के रूप में हुई है, जो मूलतः अंबा हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है।
अपनी सोसाइटी से आधा किलोमीटर दूर थी पवन की कार
वह वर्तमान समय में थाना कासना कैसिया स्टेट सोसाइटी में रह रहा था। वह नोएडा की ब्रिज ग्लोबल कंपनी में काम करता था। पवन नाइट शिफ्ट में काम करता था और सुबह करीब 5.30 बजे तक अपने घर पहुंचता था।
आज सुबह जब वह घर आ रहा था तो अपनी सोसाइटी से लगभग आधा किलोमीटर दूर उसकी कार में आग लग गई। आग लगने के बाद उसने कार से निकलने की कोशिश की लेकिन वह इसमें कामयाब न हो सका और उसकी जलकर मौत हो गई। मौके पर एफएसएल पुलिस, एफएसएल और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची।