सोती रही पुलिस, हवालात का ताला खोलकर फरार हो गए लुटेरे
- लोहे के तार से खोला ताला, सुबह हवालात खुली देख मचा हड़कंप
- मुंशी और दरोगा सस्पेंड, दोनों बदमाशों और मुंशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
थाने में पुलिस सोती रही और लुटेरे हवालात का ताला खोलकर फरार हो गए। घटना लोनी बॉर्डर थाने की है। सुबह हवालात खुली देख पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना अफसरों तक पहुंची तो उनके माथे पर भी बल पड़ गए। मामले में थाने के मुंशी और दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मुंशी और फरार हुए दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
लोनी बॉर्डर थाने के एक दरोगा ने गत 21 जून को दो लुटेरे गिरफ्तार किए थे। दोनों की पहचान नितिन उर्फ शूटर निवासी जवाहर नगर और कुलदीप निवासी बेहटा हाजीपुर लोनी के रूप में हुई थी। दोनों लूट के एक मामले में वांछित थे। गिरफ्तारी के बाद रात करीब सवा 12 बजे दोनों को थाने में दाखिल कर दिया गया।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल की मौजूदगी में दोनों को हवालात में डालकर ताला लगा दिया गया। संबंधित दरोगा 22 जून की सुबह दोनों आरोपियों को कोर्ट ले जाने के लिए थाने पहुंचे तो दोनों के हवालात से भाग जाने की जानकारी लगी। हेड कांस्टेबल ने बताया कि सुबह करीब सात बजे दोनों बदमाश थाने की हवालात का ताला खोलकर फरार हो गए।
लोहे के तार से खोल दिया हवालात का ताला
नितिन और कुलदीप शातिर बदमाश हैं। दोनों ने लोहे के तार से हवालात का ताला खोला और फरार हो गए। जब पुलिसकर्मियों की नींद खुली तो हवालात खुली देख हड़कंप मच गया। सूचना पर आला अधिकारी भी लोनी बॉर्डर थाने पहुंच गए। लापरवाही सामने आने पर हेड कांस्टेबल व एक दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया साथ ही फरार बदमाशों और हेड कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
आत्मसमर्पण की फिराक में थे, पुलिस ने दबोच लिए
हवालात से भागे लुटेरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगा दी गई। इसी बीच 24 जून को पता चला कि दोनों बदमाश आत्मसमर्पण करने की फिराक में है। पुलिस ने नितिन उर्फ शूटर को धर दबोचा। उसके पकड़े जाने के बाद दूसरा बदमाश कुलदीप खुद पुलिस के पास पहुंच गया। दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
शातिर बदमाश के अलावा अच्छा धावक भी है नितिन
सूत्रों का कहना है कि दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। मोबाइल, पर्स और चेन लूटना इनका पेशा है। हालांकि पुलिस द्वारा इनका आपराधिक इतिहास अभी खंगाला जा रहा है। जांच पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि नितिन शातिर बदमाश के साथ-साथ एक अच्छा धावक भी है, जो पुलिस को चकमा देकर भागने में माहिर है। भागने की तेज गति होने के कारण साथियों ने ही इसका दूसरा नाम शूटर रखा है।
एक सप्ताह में 124 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
गाजियाबाद पुलिस अपने काम को लेकर कितनी लापरवाह है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एसएसपी को एक सप्ताह के अंदर 14 दरोगा समेत 124 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लेना पड़ा। ट्रक चालक से रिश्वत के मामले में मोदीनगर थाने के दो पुलिसकर्मी सस्पेंड हुए तो बालिग को नाबालिग बनाने के आरोप में शहीदनगर चौकी इंचार्ज व एक सिपाही को लाइन हाजिर किया गया।
इससे पूर्व सादी वर्दी में अवैध गतिविधियों में लिप्त रहने वाले 21 पुलिसकर्मियों को कप्तान ने लाइन हाजिर किया। 12 चौकियों के लापरवाह प्रभारियों को हटाकर उनके स्थान पर ट्रैफिक पुलिस के दरोगा पोस्ट करने पड़े। लगातार मिल रही शिकायतों पर एसएसपी को ट्रैफिक पुलिस के 87 सिपाहियों को लाइन भेजना पड़ा।
घटना पर पर्दा डालती रही पुलिस.........
लापरवाही के चलते दो बदमाशों के हवालात से भाग जाने के बाद पुलिस घटना पर पर्दा डालती रही। अधीनस्थों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी तरह से मामला लीक न हो जाये। दो लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया गया, लेकिन किसी को कानों कान खबर नहीं होने दी गई।
गिरफ्तार किए गए दो बदमाश हवालात से फरार हो गए थे। दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लापरवाही सामने आने पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल अभी जारी है।
- राजकुमार पांडेय, सीओ लोनी