दिल्ली में रोडरेजः मयूर विहार में युवक की पिटाई, हौजकाजी और पटेल नगर में चले चाकू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मयूर विहार इलाके में शुक्रवार को नशे में धुत कुछ युवकों ने एक कार को पहले टक्कर मारी और फिर पीछा कर कार चला रहे युवक की पिटाई कर दी। पीछा करने के दौरान आरोपियों ने बोतल फेंककर कार के शीशे तोड़ दिए। पुलिस को दी शिकायत में रोहित ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह वैगनआर कार से मां को अस्पताल छोड़ने के बाद घर आ रहा था। अक्षरधाम के पास आई-10 कार ने उसकी कार में पीछे से टक्कर मारी।
रोहित बाहर निकलकर अपनी कार को देखने लगा। इसी दौरान टक्कर मारने वाली कार से भी युवक बाहर निकलने लगे। सभी को नशे की हालत में देखकर रोहित अपनी कार में बैठ गया और घर की ओर जाने लगा। उधर, कार में बैठे युवक रोहित का पीछा करने लगे। इस दौरान आरोपी रोहित की कार पर बियर की बोतल फेंककर उसे रोकने का प्रयास किया।
बोतल लगने से कार के शीशे टूट गए। त्रिलोकपुरी गुरुद्वारा के पास आरोपियों ने ओवरटेक कर रोहित की कार को रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ करने के बाद सभी फरार हो गए।
बाइक टच होने पर युवक को चाकू से गोदा, जख्मी
हौजकाजी इलाके में बाइक छूने पर एक युवक को चाकू से गोद दिया। घायल युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के बयान पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही शहजाद और कैफ को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।
अमीनुद्दीन (27) अपने भाई व उसके परिवार के साथ लालकुआं इलाके में रहता है और भाई के साथ कार्ड बनाने का काम करता है।
24 जून की शाम अमीनुद्दीन कस्तूरबा गांधी अस्पताल में भर्ती अपनी भाभी से मिलने बाइक से जा रहा था। अस्पताल जाने के दौरान हौजकाजी चौक के पास उसकी बाइक सामने से आ रही स्कूटी से टच कर गई। स्कूटी सवार युवक ने उस पर जानबूझ कर टच करने का आरोप लगाकर अपशब्द कहने लगा और उसे देख लेने की धमकी देकर चला गया।
देर रात अमीनुद्दीन अस्पताल से वापस लौट रहा था। लालकुआं के पास स्कूटी सवार युवक अपने तीन दोस्तों के साथ उसे रोक लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान हो गई है और पुलिस उनके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। दो को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
गली में रास्ता देने को कहा तो युवक को चाकू घोंपा
पटेल नगर इलाके में गली में रास्ता देने की बात कहने पर कुछ युवकों ने पानी सप्लाई करने गए एक युवक की छाती में चाकू घोंप दिया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी भागने लगे, पीड़ित ने जान की परवाह किए बिना एक नाबालिग को दबोच लिया। नाबालिग से पूछताछ कर पुलिस मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश कर रही है।
पवित्र देव मिश्रा (34) सपरिवार मोती नगर इलाके में रहता है और पानी सप्लाई का काम करता है। बृहस्पतिवार शाम वह माल ढोने वाले ऑटो से चालक विकास के साथ प्रेम नगर पानी सप्लाई करने गया था। गली नंबर- 14 के मोड़ पर कुछ युवक खड़े थे। पवित्र देव ने वहां खड़े युवकों को रास्ता देने के लिए कहा ताकि ऑटो गली में जा सके। यह बात सुनते ही युवक पवित्र के साथ गाली गलौज और मारपीट करने लगा।
दो युवकों ने पवित्र को पकड़ लिया और एक युवक चाकू निकालकर उसकी छाती में घोंप दिया। घटना को अंजाम देकर सभी भागने लगे। घायल पवित्र ने उनका पीछा किया और 15 साल के किशोर को पकड़ लिया। इसी बीच गश्त कर रहे पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए और नाबालिग को हिरासत में लेकर पवित्र को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पवित्र के बयान पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।