IPL के बाद यहां हनीमून मनाने जाएंगे रैना-प्रियंका!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तमाम कयासों, तैयारियों और आयोजनों के बाद आज वो दिन आ ही गया जब क्रिकेटर सुरेश रैना अपनी बचपन की दोस्त प्रियंका चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
रैना ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया कि उनकी शादी में केवल बहुत करीबी लोग शामिल होंगे। शादी के मौके पर पहनने के लिए उनके डिजाइनर ने रैना के लिए शेरवानी और प्रियंका के लिए लहंगा डिजाइन किया है।
रैना अपनी शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि शादी का यह समय उनके लिए सबसे अच्छा है और सबसे अच्छी बात ये है कि शादी का यह मैच उनकी मां ने ही फिक्स किया है।
क्यों दिल्ली से हो रही है रैना की शादी
रैना ने शादी के वेन्यू के बारे में बताते हुए कहा कि उनके बहुत सारे दोस्त यहीं हैं इसलिए वो दिल्ली से ही शादी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोहली, शिखर, ईशांत और उनकी यूपी की टीम के भी कई दोस्त यहीं रहते हैं और वो सभी शादी में आ रहे हैं।
उनके कुछ दोस्त लखनऊ, लंदन, दुबई से उनकी शादी में पहुंचेगे। रैना ने प्रियंका से हुई अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताते हुए कहा कि बचपन के दोस्त होते हुए भी वो बड़े होने पर एक दूसरे के संपर्क में नहीं थे।
वो कहते हैं कि खेल की व्यस्तताओं के कारण वह बहुत कम लोगों के संपर्क में रहते थे। हां, एक बार वह चंद मिनटों के लिए 2008 में प्रियंका से जरूर एयरपोर्ट पर मिले थे।
प्रियंका अपने काम के लिए हॉलैंड जा रही थीं और वो आईपीएल मैच के लिए बेंगलूरू जा रहे थे। रैना ने बताया कि 2008 की उस मुलाकात से पहले वह प्रियंका से बचपन में ही मिले थे।
'मैं ऑस्ट्रेलिया में और तय हो गई शादी'
प्रियंका के पापा गाजियाबाद में उनके स्पोर्ट्स टीचर थे। वहीं रैना और प्रियंका की मां एक-दूसरे की बहुत अच्छी सहेलियां हैं। रैना कहते हैं कि वो इस शादी को अरेंज मैरिज ही मानेंगे क्योंकि दोनों के परिवारों की लंबे समय से जान पहचान है।
उनकी शादी तब ही तय हो गई थी जब वह इस बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थे। उन्होंने बताया कि, 'मैं ऑस्ट्रेलिया में पिछले पांच महीने से था। मम्मा ने सब फिक्स किया है।'
ऑस्ट्रेलिया में होने के कारण सब बातों से अनजान रैना ने कहा कि, 'मुझे कुछ भी मालूम नहीं था। मां ने मुझे ऑस्ट्रेलिया में ही फोन किया और बताया कि उन्होंने मेरी शादी मेरी एक बचपन की दोस्त से तय कर दी है। उसके बाद मैंने प्रियंका से फोन पर बात की।'
सिर्फ आधे घंटे के लिए मिले थे रैना-प्रियंका
शादी तय होने के बाद भी प्रियंका से न मिल पाने की बात बताते हुए रैना बोले कि, 'जब मेरी मां ने बताया कि मेरी शादी पक्की हो गई है तो मैंने वर्ल्ड कप से पहले अपने टीम के कुछ साथियों को अपनी शादी के बारे में बताया था।
'चूंकि मुझे वर्ल्ड कप पर फोकस करना था इसलिए मैंने मां से कह दिया था कि जो रस्में पूरी करनी हैं वो बाद में की जाएं। मैंने मां को ये भी कहा कि आप मेरे लिए जो भी कर रही हैं वो सही है लेकिन पहले मुझे प्रियंका से बात कर लेने दीजिए।
क्योंकि बिना उस लड़की के साथ समय बिताए जिससे आपकी शादी होने वाली है चीजें बहुत मुश्किल हो जाती हैं। लेकिन सब कुछ बहुत अच्छे से हो गया। क्रिकेटर्स की लाइफ बहुत हेक्टिक होती है क्योंकि उन्हें खेल को लेकर बहुत यात्राएं करनी होती हैं।'
रैना ने ये भी कहा कि उन्हें अब तक प्रियंका के साथ समय बिताने का मौका नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि 'मैं हाल ही में प्रियंका से मिला हूं वो भी केवल आधे घंटे के लिए।
हम दोनों ही मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं, जिसकी हमें इज्जत करनी चाहिए। मुझे उम्मीद है कि हम जल्द ही एक-दूसरे से मिलेंगे।'
मिलान में मनाएंगे हनीमून!
बता दें कि रैना और प्रियंका दोनों को ही शादी के बाद भी एक-दूसरे के साथ समय बिताने का बिल्कुल भी वक्त नहीं मिलेगा। इस बात का कारण रैना ने बताया कि, 'मैं आगे उसके साथ समय बिताना चाहता हूं, लेकिन वो वापस हॉलैंड जा रही है क्योंकि उसका कुछ पर्सनल काम है।'
'मैं चाहता हूं कि वो अपने करियर पर फोकस करे। चूंकि हमें शादी के बाद साथ रहने का ज्यादा समय नहीं मिलेगा इसलिए मैं आईपीएल के बाद हॉलैंड जाऊंगा।'
रैना आगे बोले कि, 'देखते हैं हमारा क्या प्लान बनता है। लेकिन वो क्या चाहती है ये ज्यादा महत्वपूर्ण है।' हनीमून के बारे में पूछने पर रैना बोले कि आईपीएल के बाद वो हनीमून पर मिलान जाने की सोच रहे हैं।
फुटबॉल की दीवानी हैं रैना की दुल्हनियां
जब रैना से पूछा गया कि क्या प्रियंका फुटबॉल देखती हैं तो रैना ने कहा कि वो फुटबॉल की दीवानी हैं। रैना कहते हैं कि, 'वो क्रिकेट के बारे में ज्यादा नहीं जानती। वो फुटबॉल की बहुत बड़ी फैन है। वो मेसी और रॉबिन वैन पर्सि की जबरदस्त फैन है।'
'वो मुझे मेरे क्रिकेटर होने को लेकर नहीं बल्कि जैसा मैं इंसान हूं उसके लिए प्यार करती है। प्रियंका बहुत ही प्यारी लड़की है और मैं उससे प्यार करता हूं।'
रैना ने ये राज खोला कि सोशल मीडिया पर उन्हें शादी को लेकर उनकी फीमेल फैन्स से बहुत सारे कमेंट्स मिल रहे हैं लेकिन उसकी उन्हें कोई परवाह नहीं है।
रैना कहते हैं कि, 'मुझे मेरी फीमेल फैन्स से सोशल मीडिया पर लगातार कमेंट्स मिल रहे हैं, लेकिन मुझे अपने परिवार को खुशी देनी है। मैं अब 28 का हो चुका हूं और ये शादी के लिए बिल्कुल सही समय है। मुझे कोई पछतावा नहीं है।'
साभार: टाइम्स ऑफ इंडिया