मंत्री से सड़क के काम पर सवाल करना पड़ा भारी?: युवक को थप्पड़ मारते दिखे प्रवेश वर्मा, आप ने शेयर किया वीडियो
घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 'एक्स' पर प्रतिक्रिया देते हुए घोषणा की कि वह सोमवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे। उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए मांग की कि मंत्री को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
विस्तार
आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार पर सवाल पूछ रहे एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है।
भाजपा की ओर से नहीं आया कोई बयान
आप का आरोप है कि स्थानीय लोग सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार को लेकर मंत्री से सवाल कर रहे थे। इसी दौरान, वीडियो रिकॉर्ड कर रहे एक युवक से तीखी झड़प हुई और मंत्री ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उनके सुरक्षा गार्ड ने युवक को मौके से दूर हटाया। पीड़ित युवक की तरफ से इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई दी गई है। वहीं फिलहाल इस पूरे विवाद पर भाजपा या मंत्री की ओर से कोई आधिकारिक सफाई आई है।
केजरीवाल बोले- कल जाऊंगा मैं
घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 'एक्स' पर प्रतिक्रिया देते हुए घोषणा की कि वह सोमवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे। उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए मांग की कि मंत्री को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि प्रवेश वर्मा, भ्रष्टाचार ऑन कैमरा एक्सपोज हो गया तो तुमने रिकॉर्डिंग करने वाले एक लड़के को ही थप्पड़ मार दिया? अब ये घमंड टिकेगा नहीं तुम्हारा। अरविंद केजरीवाल जी खुद उस भ्रष्टाचार की सड़क का मुआयना करने जा रहे हैं।
सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार दिखाने पर मोदी जी के मंत्री ने एक युवक को सरे आम थप्पड़ मारा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 27, 2026
मैं कल तिलक नगर जाकर इस सड़क का मुआयना करूंगा। pic.twitter.com/MnKbQ5L0CP
विधायक बोले- मंत्री जी आपा खो बैठे
स्थानीय 'आप' विधायक ने भी घटना की निंदा करते हुए लिखा कि भाजपा सरकार के मंत्री सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन घोटालों के उजागर होने से अपना आपा खो बैठे और वीडियो बना रहे उनके साथी के साथ गुंडागर्दी पर उतर आए। इस हाई-प्रोफाइल मामले के बाद से राजधानी का राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो गया है और सोमवार को इस पर और तीखे सियासी हंगामे के आसार हैं।
पीड़ित का बयान, एफआईआर दर्ज
पीड़ित युवक को थप्पड़ मारने की घटना से जुड़े पीड़ित साहेब ने कहा कि मैं विधायक के लिए सभी सोशल मीडिया गतिविधियां संभालता हूं। पीडब्ल्यू विभाग ने हमें इस सड़क की हालत का निरीक्षण करने के लिए बुलाया था, इसलिए हम यहां आए थे। मैंने उन्हें दिखाया कि सड़क की सतह कैसे टूट रही थी। जब मैंने यह बात बताई, तो मंत्री उसे बर्दाश्त नहीं कर पाए। उन्होंने मुझ पर हाथ उठाया और उनके साथियों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस वहीं मौजूद थी और यह सब उनकी मौजूदगी में हुआ। उन्हें माफी मांगनी चाहिए और जो भी अनुशासनात्मक कार्रवाई जरूरी हो। जैसे सस्पेंशन- वह की जानी चाहिए। हम सिर्फ दावे नहीं कर रहे हैं। हर चीज का वीडियो सबूत है। कार्रवाई होनी चाहिए। हमने एफआईआर दर्ज करा दी है और आगे की कार्रवाई करेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.