चप्पल और 11 हजार KM पीछा: एक सुराग से साइको किलर तक पहुंची पुलिस, झाड़ियों में मिला था महिला का अर्धनग्न शव
आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास 52 साल की मानसिक रूप से बीमार महिला की चाकू गोदकर हत्या करने वाला आरोपी गुजरात से गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और चप्पलों के आधार पर आरोपी की पहचाना हुई। आरोपी पहले भी लूट व नाबालिग दुष्कर्म के मामले में वांछित था।
विस्तार
महेंद्र पार्क इलाके में दुष्कर्म का प्रयास का विरोध करने पर 52 साल की मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की हत्या करने वाले साइको किलर को पुलिस ने 11 सौ किलोमीटर दूर गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपी की पहचान की। महिला का शव 16 नवंबर को अर्धनग्न अवस्था में आदर्श नगर रेलवे स्टेशन परिसर के शेड नंबर दो के पीछे की झाड़ियाें में मिला था। महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई थी। आरोपी की पहचान सलमान उर्फ बोना के रूप में हुई है। उसपर लूटपाट और नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म का मामला पहले दर्ज है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 16 नवंबर को सब्जी मंडी रेलवे थाना पुलिस ने महेंद्र पार्क थाना पुलिस को बताया कि आदर्श नगर रेलवे स्टेशन परिसर के शेड नंबर दो के पीछे की झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही महेंद्र पार्क थाने की टीम मौके पर पहुंची। यहां करीब 50 साल की महिला का अर्धनग्न शव पड़ा था, जिसके कपड़े फटे हुए थे। महिला के चेहरे व सिर पर चाकू के घाव थे और मुंह से खून निकल रहा था। देखने से महिला कचरा बीनने वाली लग रही थी। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। जिसने मौके से चाकू, महिला और पुरुष की एक जोड़ी चप्पल बरामद की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी विजय शानवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मृतका के बाएं हाथ पर सीजन नाम का टैटू था। इसी आधार पर पुलिस ने आस पास इलाके में महिला की पहचान करने में जुटी। अगले दिन महिला की पहचान मेट्राे विहार फेज एक होलंबी कलां निवासी किशन दास की पत्नी 52 साल की सीजन के रूप में हुई। जांच में पता चला कि वह वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और अपने भांजे खुशकन दास के साथ रहती थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई।
जांच के दौरान पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक शौचालय पर लगे कैमरे में मृतका रेलवे स्टेशन प्रवेश द्वार से अंदर जाती दिखी। कुछ देर बाद सफेद–काले स्पोर्ट्स वाली चप्पल पहने एक संदिग्ध पुरुष को भी उसी दिशा में जाता दिखा। संदिग्ध की यह चप्पलें घटनास्थल से बरामद पुरुष चप्पलों से मेल खाती मिलीं। साथ ही फुटेज में घटना के बाद आरोपी नंगे पैर वापस आते देखा गया।
पुलिस ने उसके जाने की दिशा सराय पीपल थला की ओर लगे कैमरों की जांच करते हुए बढोला गांव झुग्गियों तक पहुंची। जहां आरोपी की पहचान सलमान उर्फ बोना के रूप में हुई। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह गायब मिला। जांच में पता चला कि सलमान पर लूट और नाबालिग का अपहरण एवं दुष्कर्म का मामला दर्ज है। उसे इस मामले में अदालत में पेश होना था, लेकिन अनुपस्थित होने की वजह से अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। आरोपी का मोबाइल फोन बंद था।
पुलिस लगातार उसके संपर्क के लोगों पर निगरानी रख रही थी। इसके जरिए पुलिस को आरोपी के भरूच गुजरात में होने की जानकारी मिली। पुलिस ने 11 सौ किलोमीटर पीछा कर उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया।
ये भी पढ़ें: कब मिलेगी चैन की सांस: ग्रैप-तीन हटते ही प्रदूषण दिल्ली-NCR में पसारने लगा पैर, नोएडा की वायु सबसे प्रदूषित