जैन मुनि के अपमान पर सीएम के आवास पर प्रदर्शन, 108 महिलाएं शुरू करेंगी उपवास
संगीतकार विशाल डडलानी द्वारा जैन मुनि तरुण सागर पर की गई टिप्पणी के विरोध में सोमवार को जैन समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइंस आवास पर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि विशाल डडलानी के खिलाफ वे खुद थाने में शिकायत दर्ज करवाएं। वहीं, मंगलवार को जैन समाज की 108 महिलाएं चांदनी चौक की पार्षद सुरेखा हरिओम गुप्ता के नेतृत्व में दिगंबर जैन लाल मंदिर के बाहर सामूहिक उपवास शुरू करने वाली हैं।
जैन समाज के प्रदर्शनकारियों ने विशाल डडलानी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के खिलाफ खूब नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता सांप्रदायिक अपमान की भाषा बोलकर पहले भड़काते हैं और फिर माफी मांग लेते हैं।
'माफी मांगने से नहीं चलेगा काम, अपमान करने वाले की हो गिरफ्तारी'
माफी मांगने से काम नहीं चलेगा। संत का अपमान करने वाले की गिरफ्तारी होनी चाहिए। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ रहे थे, जिन्हें पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका।
प्रदर्शन में शामिल निगम पार्षद संजय जैन और कल्पना जैन ने कहा कि जैन समाज संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता।
पूर्वी दिल्ली के शहादरा थाने में रविवार रात को डडलानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले विपिन जैन ने कहा कि अगर पुलिस और सरकार संत का अपमान करने वाले के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है, तो देश के बाकी हिस्सों में भी डडलानी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।