गलती से ली खुद की जान: गर्लफ्रेंड पर बना रहा था शादी का दबाव, आत्महत्या का ड्रामा करते समय सच में लग गई फांसी
पुलिस के मुताबिक, कृष्णा खिचड़ीपुर के आठ ब्लॉक में रहता था। एक ब्लॉक में इसका एक अन्य मकान है। वह कोरियोग्राफर था और बड़े-बड़े इवेंट में डांस सिखाने का काम करता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी स्थित खिचड़ीपुर इलाके में आत्महत्या का ड्रामा करने के चक्कर में 45 साल के युवक की जान चली गई। दरअसल वह अपनी प्रेमिका पर शादी का दबाव बनाने के लिए फांसी लगाने का नाटक कर रहा था, लेकिन गलती से हाथ छूटने पर वह सच में फंदे से लटक गया। प्रेमिका ने उसे फंदे से उतारने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वजन ज्यादा होने की वजह से कामयाब नहीं हो सकी।
किसी तरह उसे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआत में युवती ने हार्ट अटैक से युवक के मौत की बात कही। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो फंदा लगाकर मौत की बात पता चली। मृतक की शिनाख्त कृष्णा के रूप में हुई है। पुलिस प्रेमिका से पूछताछ कर मामले की जांच रही है।
पुलिस के मुताबिक, कृष्णा खिचड़ीपुर के आठ ब्लॉक में रहता था। एक ब्लॉक में इसका एक अन्य मकान है। वह कोरियोग्राफर था और बड़े-बड़े इवेंट में डांस सिखाने का काम करता था। एक ब्लॉक में कृष्णा की बहन, जबकि बराबर वाले मकान में कृष्णा की मां उससे अलग रहती है। कृष्णा विवाहित था, उसका आठ साल का एक बेटा है। कुछ सालों पूर्व पति-पत्नी में हुए विवाद के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। वह बेटे को अपने साथ ले गई थी। अब दोनों के बीच तलाक की बात चल रही है। कुछ समय पूर्व एक कॉमन फ्रेंड के जरिये कृष्णा की मुलाकात 23 साल की युवती से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी। दोनों अक्सर घर पर समय बिताते थे।
कृष्णा युवती से शादी करना चाहता था। सोमवार को उसने युवती को मिलने के लिए घर बुलाया। मुलाकात के दौरान उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इस बात पर युवती नाराज हो गई। वह जाने लगी तो कृष्णा ने उसे रोकने और शादी के लिए मनाने के लिए पंखे से फांसी का फंदा लगाया और वह लटकने की बात करने लगा। अभी वह युवती से बातचीत कर ही रहा था कि उसका हाथ फंदे से छूटा और वह लटक गया। युवती ने किसी तरह उसे फंदे से उतारा। बाद में उसे अस्पताल ले गई। डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने पुलिस को खबर दी। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया तो हकीकत का पता चला। युवती से सख्ती से पूछा गया तो उसने सारी बात बता दी।
ब्लैकमेलिंग के एंगल से जांच
पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं युवती कृष्णा को ब्लैकमेल तो नहीं कर रही थी। पुलिस ने दोनों के मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवती से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मृतक के परिवार से पूछताछ कर युवती की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।