कोरोना अलर्टः दिल्ली के चिड़ियाघर में विदेशी सैलानियों पर प्रतिबंध की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जहां बिहार और मुंबई के चिड़ियाघर बंद कर दिए गए हैं, वहीं दिल्ली चिड़ियाघर में आवागमन के लिए विदेशियों पर रोक लग सकती है। दिल्ली चिड़ियाघर प्रशासन ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को पत्र लिखकर विदेशी पर्यटकों पर प्रतिबंध के लिए अनुमति मांगी है।
कोरोना के फैलते प्रकोप के बीच चिड़ियाघर प्रशासन काफी दिनों से विदेशी पर्यटकों के प्रवेश को लेकर चिंतित है। प्रशासन का मानना है कि विदेशी पर्यटकों के यहां आने से कोरोना फैल सकता है। इसलिए कुछ दिन तक उन पर प्रतिबंध की मांग की गई है। चिड़ियाघर के निदेशक सुनीष बख्शी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोरोना के चलते विदेशी पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाने की मंजूरी के लिए शुक्रवार को पत्र लिखा गया था। बताया जा रहा है कि सोमवार से इसके आदेश जारी हो सकते हैं।
रोजाना पहुंचते हैं लगभग 50 विदेशी पर्यटक
चिड़ियाघर में प्रतिदिन सात हजार से अधिक पर्यटक वन्यजीवों के दीदार के लिए पहुंचते हैं। इनमें तकरीबन 50 से अधिक विदेशी पर्यटक होते हैं। हालांकि, विदेशी पर्यटक भी कोरोना को लेकर दहशत में हैं। यही कारण है कि वे खुद को पूरी तरह से ढककर और मुंह पर मास्क लगाकर पहुंचते हैं।
सतर्कता बरतना जरूरी
दिल्ली में अब तक सात कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें एक महिला मरीज की मौत हो चुकी है। हालांकि, दो मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी दी जा चुकी है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। बिहार में अब तक एक भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है, लेकिन उन्होंने एहतियात के तौर पर चिड़ियाघर को बंद कर दिया है। मुंबई चिड़ियाघर भी बंद करने का फैसला बीएमसी ने लिया है। ऐसे में दिल्ली चिड़ियाघर प्रबंधन अपने स्तर पर फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है।
चिड़ियाघर में 83 फीसदी घटे पर्यटक
कोरोना के डर के कारण रविवार को चिड़ियाघर में अवकाश वाले दिन भी महज साढ़े तीन हजार पर्यटक ही वन्यजीवों को देखने पहुंचे। अमूमन रविवार को यह आंकड़ा 20 हजार से भी ज्यादा रहता था। पर्यटकों की भीड़ से गुलजार रहने वाला चिड़ियाघर खाली-खाली दिखा।
अवकाश पर चिड़ियाघर के 7 काउंटरों को खोला गया था। अन्य दिन 4-5 काउंटर से ही काम चल जाता था। चिड़ियाघर प्रशासन से जुड़े लोग तब हैरान हो गए, जब दोपहर एक बजे के बाद भी पर्यटकों का आंकड़ा दो हजार को पार नहीं कर सका। ऐसे में चिड़ियाघर के काउंटरों पर दिनभर सन्नाटा रहा। वैसे रविवार को यहां टिकट लेने के लिए पर्यटकों की लंबी लंबी कतारें लगती थीं।
चिड़ियाघर में रोज देशभर से 7 हजार से भी अधिक पर्यटक पहुंचते हैं। शनिवार व रविवार को यह आंकड़ा 20 हजार से भी अधिक रहता है। बताया जा रहा है कि पर्यटकों की संख्या में कमी से चिड़ियाघर प्रशासन भी सकते में है। कहा जा रहा है कि इससे कर्मचारी भी खासे परेशान हैं। हालांकि चिड़ियाघर प्रशासन का कोई भी कर्मचारी सीधे कुछ भी बोलने से बच रहा है।
केवल 20 ही विदेशी पर्यटक पहुंचे
रविवार को चिड़ियाघर में 20 ही विदेशी पर्यटक वन्यजीवों का दीदार करने पहुंचे। आम दिनों में यह आंकड़ा 50 के पार रहता है।
कीटनाशक का किया जा रहा छिड़काव
चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि कोरोना को देखते हुए परिसर में कीटनाशक दवाइयों का नियमित रूप से छिड़काव किया जा रहा है। वहीं, कर्मियों को भी हाथों में दस्ताने व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। गार्डों को मास्क उपलब्ध करा दिए गए हैं।