देशद्रोह का मुकदमा अदालत में न जाने देना मुख्यमंत्री केजरीवाल का पाप हैः जावड़ेकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर देशद्रोही नारों का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए उनकी आलोचना की। जावड़ेकर ने कहा कि देशद्रोह से जुड़े एक मामले में अदालत के लगातार कहे जाने के बाद भी मुकदमा चलाने की मंजूरी नहीं देने से साबित होता है कि केजरीवाल देशद्रोही नारे लगाने वालों का समर्थन करते हैं।
गौरतलब है कि प्रकाश जावड़ेकर को भाजपा ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है। आज जावड़ेकर ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बात की।
इस दौरान जावड़ेकर ने कहा, 'दिल्ली के मुख्यमंत्री से अदालत बार-बार पूछ रही है कि आप देशद्रोही नारों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दें। लेकिन अब यही कहना पड़ेगा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं जो देशद्रोही नारों का समर्थन करते हैं।'
उल्लेखनीय है कि जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार व अन्य छात्रों पर विश्वविद्यालय परिसर में देशद्रोही नारे लगाने का आरोप लगाया गया है। इस बाबत दिल्ली पुलिस ने अपनी चार्जशीट में भी आरोपी छात्रों के खिलाफ देशद्रोह की धाराएं लगाई हैं, लेकिन इसके लिए दिल्ली सरकार से अनुमति नहीं ली है।
गौरतलब है कि देशद्रोह का मुकदमा चलाने के लिए पुलिस को राज्य सरकार से अनुमति लेनी होती है। अगर राज्य सरकार अनुमति नहीं देती तो यह धाराएं अपने आप खत्म हो जाती है। हालांकि इस संबंध में कोर्ट का निर्णय आखिरी होता है।
इसी मामले में जावड़ेकर केजरीवाल पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर समर्थन नहीं करते होते तो वे मुकदमा चलाने की मंजूरी दे देते, लेकिन अदालत के बार-बार कहने पर भी उन्होंने मंजूरी इसलिए नहीं दी है कि वे मन से इन नारों का समर्थन करते हैं।
जावड़ेकर ने कहा, 'दिल्ली की जनता में इसे लेकर आक्रोश है। इस मामले में कौन दोषी है, यह तय करना अदालत का काम है, लेकिन अदालत में मुकदमा जाने ही नहीं देना, मुख्यमंत्री का पाप है और अब यह पर्दाफाश हो गया कि वे इन नारों का समर्थन करते हैं और हम इसकी तीखी भर्त्सना करते हैं।'