जामिया के दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं होंगे पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जामिया के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम की व्यस्तता को समारोह में शामिल नहीं होने का कारण बताकर खेद जताया है।
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी ने कुलपति को बधाई व धन्यवाद देते हुए भविष्य में कार्यक्रम में शिरकत करने का आश्वासन दिया है। जामिया में अब 19 जनवरी को दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। जिसमें जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा को डी. लिट की मानद उपाधि देकर सम्मानित किया जाएगा।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के प्रवक्ता व प्रोफेसर डॉ. मुकेश रंजन के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यस्तता के चलते दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय से समारोह में मोदी के शिरकत नहीं करने की सूचना मिलने के बाद अब 19 जनवरी को भोपाल ग्राउंड में दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।
इसमें जाने-माने वैज्ञानिक प्रो. गोवर्धन मेहता बतौर मुख्य अतिथि और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
पूर्व छात्रों ने किया था पीएम का विरोध
समारोह में वर्ष 2014 के तहत 162 छात्रों को गोल्ड मेडल और करीब पांच हजार छात्रों को डिग्री एवं डिप्लोमा देकर सम्मानित किया जाएगा।
छात्रों को समारोह में शामिल होने के लिए जामिया की वेबसाइट jmi.ac.in पर जाकर 15 जनवरी तक रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। बता दें कि दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बतौर मुख्य अतिथि बुलाने को लेकर जामिया प्रबंधन को शिक्षकों समेत छात्रों का विरोध भी सहना पड़ा था।
यह विरोध बाटला हाउस एनकाउंटर पर वर्ष 2008 में तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी द्वारा दिए गए बयान के चलते हुए था। पूर्व छात्रों ने कुलपति को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने पर ऐतराज जताते हुए उनके आने पर काले झंडे से विरोध जताने की भी चेतावनी दी थी।
मोदी को बुलाने की चर्चा के चलते कई पूर्व छात्रों ने निमंत्रण पत्र भी ठुकरा दिया था। जामिया में हर वर्ष नवंबर से दिसंबर के बीच दीक्षांत समारोह आयोजित होता था, लेकिन मोदी को बुलाने के चलते विश्वविद्यालय प्रबंधन ने समारोह की तिथि को आगे बढ़ाया है।