एयरपोर्ट पर विमानों में बम की सूचना से मचा हड़कंप
दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर शनिवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक अंजान शख्स ने तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम ब्लास्ट होने की बात कही।
यह सूचना मिलते ही पूरा एयरपोर्ट स्टाफ हरकत में आ गया। तुरंत ही सीआईएसएफ की एक टीम, दिल्ली पुलिस, बम स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और इंटेलिजेंस एंजेंसियां मौके पर पहुंची।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम ब्लास्ट होने की खबर मिलने के बाद जेट एयरवेज की दिल्ली से हांगकांग जाने वाली 1:05 की फ्लाइट और कैथे पैसिफिक की दिल्ली से हांगकांग जाने वाली 1:13 की फ्लाइट प्रभावित हुईं। इनके अलावा एक और फ्लाइट थी जिसकी उड़ान रद्द हुई।
3 घंटे तक रहा अवरोध, बेंगलुरू में भी मिली चेतावनी
फ्लाइट में बम होने की सूचना मिलने के बाद 500 यात्रियों से भी ज्यादा यात्री 2-3 घंटे तक परेशान रहे। सुरक्षा एजेंसियों को तीनों संभावित खतरे में पड़ी फ्लाइटों के यात्रियों को वापस बुलाना पड़ा और एक-एक यात्री की दोबारा गहन तलाशी ली गई।
इन यात्रियों के लगेज आदि भी चेक किए गए। तीनों फ्लाइटों को उड़ने की अनुमति करीब 2-3 घंटे के बाद दी गई। पुलिस ने बताया कि बम होने की सूचना गुड़गांव ऑफिस को मिली थी।
पुलिस ने ये भी बताया कि जिस गुड़गांव में फोन आया था ठीक उसी समय बैंगलुरू में भी आया था जिसने साउदी अरेबिया जाने वाली 351 यात्रियों की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में बम होने की बात कही थी। पुलिस फोन आए नंबर को ट्रेस करने की कोशिश कर रही जिससे कॉलर का पता लगाया जा सके।