Delhi Election 2020: चुनाव नजदीक...प्रचार तीखा और ट्रेंड में ‘पाकिस्तान’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में मतदान की तारीख नजदीक आते ही राजनेताओं के बयान और तीखे होते जा रहे हैं। बीते कुछ दिनों में सियासी दलों की रैलियों और जनसभाओं में ऐसे तीखे बयानों की बाढ़ सी आ गई है। हैरानी की बात यह है कि दिल्ली में हुए अब तक के चुनावी इतिहास में इस बार सबसे ज्यादा पाकिस्तान का जिक्र हो रहा है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का नाम लेकर चुनावी नैया पार लगाने की जुगत में लगी है।
दिल्ली चुनाव में पाकिस्तान का सबसे पहले जिक्र भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने किया था। उन्होंने कहा था कि 8 फरवरी को भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होगा। उसके बाद से पाकिस्तान की ऐसी एंट्री हुई कि वहां के मंत्री फवाद चौधरी तक ने दिल्ली चुनाव में दिखाते हुए ट्वीट कर डाला। यह सिलसिला अब तक चल रहा है। इसमें पाकिस्तान के अलावा तीखे बयानों के साथ शाहीन बाग में आतंकी कैंप, शाहीना बाग के लोगों का घर में घुस कर दुराचार करने जैसे बयानों से लेकर बुरहान वानी और अफजल गुरु तक का जिक्र हो रहा है।
सोमवार को भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने एक बार फिर से पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी को अपना नाम बदल कर मुस्लिम लीग रख लेना चाहिए। क्योंकि उमर खालिद, अफजल गुरू, बुरहान वानी आतंकवादियों को अपना बाप मानने वालों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से डर लग रहा है। दिल्ली में की तीन रैलियों में योगी आदित्य नाथ ने पाकिस्तान का जिक्र किया।
उन्होंने सोमवार को उत्तम नगर की रैली में फिर से पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि केजरीवाल को पाकिस्तान का समर्थन है। जिनको दिल्ली में पाठशालाएं खुलवाने की जिम्मेदारी थी, वे पांच साल तक मधुशालाएं खुलवाते रहे। यमुना को जहरीला बनाने के लिए योगी ने केजरीवाल पर हमला बोला। दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने तो केजरीवाल को आतंकवादी बता दिया था।
भाजपा नेताओं के अलावा कांग्रेस और आप ने भी तीखे हमलों के साथ पाकिस्तान का खूब जिक्र किया। कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार करने पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि शहीना बाग में ही हिंदुस्तान है और हिंदुस्तान में ही शाहीन बाग है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के हिंसक गंवारों को दिल्ली से भगाओ। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल्ली से भगाने और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
संजय सिंह ने बगैर नाम लिए यूपी के मुख्यमंत्री को मनोरोगी तक कह डाला और तमंचा कल्चर बढ़ाने वाला, उत्तर प्रदेश को रोगी बनाने वाला बताया। उन्होंने गृहमंत्री पर दिल्ली में बवाल करने की साजिश रचने और चुनाव टलवाने तक के आरोप लगाए। उधर, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खुद को शाहीन बाग के साथ खड़ा बताया। जबकि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का पाठ तक करते दिखे।