दिल्ली के अस्पताल का बुरा हाल: टेबल लैंप की रोशनी में हो रहे ऑपरेशन
टेबल लैंप का प्रयोग अक्सर पढ़ाई के लिए किया जाता है लेकिन आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि दिल्ली के कुछ सरकारी अस्पतालों में इसकी रोशनी में चिकित्सक गंभीर मरीजों का ऑपरेशन करने को विवश हैं। कई अस्पतालों के ऑपरेशन थियेटर में लगी बड़ी लाइट खराब पड़ी हैं और जुगाड़ से रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।
इसी तरह का एक अस्पताल है- रोहिणी स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर अस्पताल। चिकित्सकों की मानें तो यहां 8 महीने से यहां ओटी लाइट खराब पड़ी हैं। कई बार कहने पर कुछ समय पहले एक टेबल लैंप दे दी गई है। अब उसी की रोशनी में ऑपरेशन करते हैं।
अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि ऑपरेशन थियेटर की लाइट खराब होने की जानकारी कई बार अस्पताल प्रबंधन से लेकर सरकार तक को दी गई है। इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। हालात यह हैं कि चिकित्सकों को माइनर ओटी की लाइट से काम चलाना पड़ रहा है।
फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. पंकज सोलंकी बताते हैं कि बाबा भीमराव आंबेडकर अस्पताल की ओटी में लाइट खराब होने की जानकारी उन्हें भी है। उनका कहना है कि ऑपरेशन थियेटर में दो तरह की लाइट होती हैं। कम और ज्यादा दृश्यता वाली।
दो दिन पहले कम रोशनी में करना पड़ा ऑपरेशन
छोटे और बड़े ऑपरेशन के लिए अलग-अलग लाइट का उपयोग किया जा सकता है। ऑपरेशन थिएटर में मौजूद अभी की लाइट की बात करें तो बड़े ऑपरेशन में डॉक्टरों को करीब 80 फीसदी तक कम दृश्यता में ऑपरेशन करना पड़ रहा है जो नियमों के खिलाफ है।
इतनी कम दृश्यता में चिकित्सक से किसी तरह की चूक हो सकती है और केस बिगड़ सकता है। डॉ. सोलंकी का कहना है कि अस्पताल से जुड़ी हर समस्या के लिए चिकित्सकों को दोषी ठहराया जाता है जबकि उनकी परेशानी को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि दो दिन पहले ही अस्पताल में एक ट्रामा मरीज आया था। उसका ऑपरेशन माइनर लाइट में करना पड़ा। मरीज के शरीर में ब्लॉकेज नसों का ऑपरेशन करना था, जिसके लिए अच्छी रोशनी की जरूरत थी लेकिन लाइट खराब रहने के कारण चिकित्सकों को कम दृश्यता में ही ऑपरेशन करना पड़ा।
उधर, इस मामले में अस्पताल प्रशासन ने कोई जवाब नहीं दिया।
