कांग्रेस: टिकटों पर फंसा पेंच, पसंद-नापसंद बन रही है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने को लेकर कांग्रेस में खूब खींचतान चल रही है। कई प्रत्याशी ऐसे हैं जो पूर्व सांसद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक दल के नेता की पसंद के बीच फंस गए हैं।
यही वजह है कि पिछले तीन दिन में स्क्रीनिंग कमेटी पांच मैराथन बैठकों के बावजूद 46 में से 16 सीटों पर भी एक नाम पर सहमति नहीं बना पाई। इसमें पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल, प्रो. किरण वालिया, रमाकांत गोस्वामी और डॉ. योगानंद शास्त्री के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली की अध्यक्षता में शुक्रवार को दोपहर दिल्ली के लिए बनी स्क्रीनिंग कमेटी के नेता दूसरी सूची के नाम फाइनल करने को बैठे।
आवेदकों के अलावा भी नामों पर है चर्चा
करीब तीन घंटे बैठक चली, लेकिन नाम पर सहमति नहीं बन पाई। इससे पहले बृहस्पतिवार को भी स्क्रीनिंग कमेटी की दो बार बैठक हुई थी। सूत्र बताते हैं कि आवेदकों के अलावा बाहर से भी कुछ नाम पर चर्चा हो रही है।
इसमें सबसे बड़ी परेशानी पूर्व सांसदों की राय और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक दल नेता की आपसी सहमति नहीं बन पाने के कारण आ रही है। कमेटी के एक सदस्य का कहना है कि अभी कुछ फाइनल नहीं हुआ है। पैनल बनाए गए हैं। वहीं एक अन्य सदस्य ने अमर उजाला से कहा कि ज्यादातर सीटों पर नाम तय कर लिए गए हैं।
हालांकि पूर्व मंत्रियों की सीट पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति में ही होगा। केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक सोमवार को होनी है। स्क्रीनिंग कमेटी ने अपना काम पूरा कर लिया है।
इन सीटों पर फंस रहा है पेंच
सूत्र बताते हैं कि अजय माकन कस्तूरबा नगर से पूर्व विधायक नीरज बसोया की पैरवी कर रहे हैं तो दूसरा ग्रुप पार्षद अभिषेक दत्त को अच्छा प्रत्याशी मान रहा है। इसी तरह से त्रिनगर में अनिल भारद्वाज का नाम आगे है, जबकि चतर सिंह का नाम भी है।
आदर्श नगर सीट पर पूर्व मंत्री मंगतराम की जगह क्षेत्रीय पूर्व सांसद कपिल सिब्बल एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष मुकेश गोयल की पैरवी कर रहे हैं। तिमारपुर में पूर्व विधायक बिट्टी की पैरवी पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल कर रहे हैं तो जगदीश टाइटलर हरचरण सिंह जोश और प्रदेश नेताओं की तरफ से सेवादल के अध्यक्ष दिनेश्वर त्यागी का नाम रख रहे हैं। वहीं, रागिनी नायक ने भी यहीं से दावेदारी पेश की है।
सूत्रों के अनुसार हरी नगर सीट पर सुरेंद्र सेतिया की पैरवी पूर्व क्षेत्रीय सांसद महाबल मिश्रा कर रहे हैं, वहीं सीपी मित्तल का भी नाम है। करावल नगर से सतनपाल दायमा, सत्येन्द्र झा और परवेश चौधरी के नाम को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है।
बाबरपुर सीट पर पार्षद और पूर्व प्रत्याशी जाकिर खान के नाम पर पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल की सहमति है तो ब्राह्मण नाम भी सामने आ रहे हैं। द्वारका में पूर्व सांसद महाबल मिश्रा बेटे विनय मिश्रा को लड़ाना चाहते हैं तो तस्वीर सोलंकी की भी दावेदारी मजबूती से बढ़ाई जा रही है।