ग्रेटर नोएडा से एक और कश्मीरी छात्र लापता, परीक्षा से किया गया था निष्कासित
पुलिस के अनुसार आसिम हुसैन ग्रेटर नोएडा के चाई फाई सेक्टर से गायब हुआ है। बताया जा रहा है कि हुसैन को सेमेस्टर परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया था। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि उसे किस वजह से निष्कासित किया गया था।
पुलिस के अनुसार आसिम कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का रहने वाला था। उसकी गुमशुदगी की सूचना मिलते ही उसके पिता कासना थाने में रिपोर्ट लगाने पहुंचे हैं।
पहले भी ग्रेटर नोएडा के शारदा यूनिवर्सिटी से गायब हुआ था कश्मीरी छात्र
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा से पहले भी एक छात्र गायब हुआ था जो बाद में आईएसजेके में शामिल हो गया था। गायब छात्र का नाम एहतेशाम बिलाल था और वह शारदा यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग का छात्र था। बाद में शारदा विश्वविद्यालय से लापता होकर आईएसजेके में शामिल होने वाला इंजीनियरिंग छात्र एहतेशाम बिलाल परिवार वालों की अपील पर घर लौट आ गया।
बिलाल के पिता ने दावा किया कि उसका बेटा घर लौट आया है, लेकिन पुलिस ने उसके घर लौटने की जानकारी पर खान्यार स्थित आवास से उसे हिरासत में ले लिया। उनका ये भी दावा था कि उसे ब्लीडिंग हो रही थी और पहले उसे अस्पताल ले जाया जाना चाहिए था लेकिन इसके विपरीत पुलिस ने बिलाल को हिरासत में लिए जाने से इनकार करते हुए कहा कि उसे इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
पुलिस युवा के परिवार वालों की मदद कर रही है। उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। उसे केवल मेडिकल सहायता के लिए लाया गया गया है। परिवार के सदस्य भी साथ हैं।
पुलिस ने इस संबंध में दो ट्वीट कर दावा किया था कि परिवारवालों के सहयोग से पुलिस एक युवा को मुख्य धारा में लाने में सफल रही है, लेकिन वह इस युवक के नाम का खुलासा नहीं करेगी। एक अन्य ट्वीट में मामले की गंभीरता को देखते हुए उसका नाम न जारी करने का अनुरोध किया गया है।