दिल्ली के हॉटस्पॉट्स में एक लाख लोगों का होगा कोरोना टेस्ट, मरीज बढ़े ...और मौत के मामले भी
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच दिल्ली सरकार बड़े स्तर पर टेस्टिंग करेगी। हॉटस्पॉट वाले इलाकों में एक लाख लोगों का रैपिड टेस्ट करके जरूरत के हिसाब से मरीजों को इलाज या क्वारंटीन में भेजा जाएगा। राजधानी में मंगलवार को दो और मरीजों की मौत हो गई। इससे मृतकों की संख्या भी 9 हो गई है। 51 नए मरीज के साथ, संक्रमितों की सख्या बढ़कर 576 हो गई है।
मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए दिल्ली सरकार ने तीस हजार बेड तक की क्षमता विकसित करने का खाका तैयार कर लिया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दिल्ली सरकार की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि शुक्रवार से एक लाख अतिरिक्त किट भी पहुंचने लगेगी। इसके सहारे अलग-अलग इलाकों में रैपिड टेस्ट करवाया जाएगा। निजामुद्दीन, दिलशाद गार्डन जैसे हॉट स्पॉट इलाकों में शुक्रवार से रैंडम टेस्ट होगा। इससे पता चलेगा कि कोरोना इलाके में फैल तो नहीं रहा है।
अब तक 6 हजार से ज्यादा सैंपलों की जांच
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि विशेषज्ञों की सलाह पर सरकार ने कोरोना वायरस को जड़ से खत्म करने के लिए 5 बिंदुओं की योजना तैयार की है। इस योजना का नाम 5-टी (टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट, टीमवर्क और ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग) है।
अपनाएंगे द. कोरिया मॉडल
दक्षिण कोरिया का उदाहरण देते हुए केजरीवाल ने कहा कि वहां की सरकार ने एक-एक व्यक्ति का टेस्ट करवाकर बीमारी पर काबू किया है। इसी मॉडल पर दिल्ली सरकार भी बड़े स्तर पर जांच कराएगी।
30 हजार बेड का खाका तैयार, स्थानों की हो चुकी है पहचान
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि तीस हजार बेड का खाका तैयार कर लिया गया है। वहीं, तीन हजार बेड की सुविधा सरकार के उपलब्ध है। इनमें से 2450 सरकारी अस्पतालों के और 450 निजी अस्पतालों के बेड कोरोना मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। अभी दिल्ली में करीब 525 लोग कोरोना संक्रमित हैं।
सीएम के मुताबिक, 1500 बेड के एलएनजेपी अस्पताल, 500 बेड के जीबी पंत अस्पताल व 450 बेड के राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सिर्फ कोरोना मरीजों का इलाज हो रहा है। दूसरी तरफ निजी अस्पतालों में करीब 400 कोविड बेड घोषित कर दिए गए हैं। इसमें मैक्स, साकेत का 318 बेड वाल ई-ब्लॉक, अपोलो के 50 व गंगाराम के 42 बेड कोरोना संक्रमितों के लिए आरक्षित हैं।
केजरीवाल ने बताया कि मरीजों की संख्या 3000 से ऊपर जाने पर 1500 बेड का जीटीबी अस्पताल कोरोना मरीजों के लिए होगा। मरीजों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बेड जुड़ते रहेंगे। सरकार ने तीस हजार बेड का खाका तैयार किया है। इनमें से करीब 8 हजार अस्पतालों में होंगे। वहीं, 12 हजार होटल के कमरों व 10 हजार बैक्वेंट हॉल व धर्मशाला में बनाए जाएंगे। इन सबकी पहचान कर ली गई है।