अगर स्कूल ड्रेस में होंगे बच्चे तो ऑड ईवन से मिलेगी आपकी कार को छूट
दिल्ली में 15 अप्रैल से ऑड-ईवन स्कीम दोबारा शुरू हो रही है और अभी तक स्कूली बसों को लेकर असमंजस बना ही हुआ है।
इस दुविधा को लेकर दिल्ली सरकार ने कह दिया है कि सुबह 8 बजे तक स्कूलों में डीटीसी की बसें जाएंगी। हालांकि सरकार ने तो कह दिया है कि डीटीसी की बसें स्कूलों में जाएंगी लेकिन स्कूलों के पास जो सर्कुलर पहुंचा है, वह इसके एकदम उलट है।
प्राइवेट स्कूलों की संस्था दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट असोसिएशन के अध्यक्ष आरसी जैन का कहना है कि डीटीसी की ओर से उन्हें अब तक सिर्फ ये बताया गया है कि ऑड ईवन के दौरान वह बसें नहीं दे पाएगी।
इस बीच दिल्ली सरकार ने स्कूली बच्चों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है कि 15 अप्रैल से शुरु होने वाले ऑड ईवन के तहत उन गाड़ियों को भी छूट दी जाएगी जिनमें स्कूल ड्रेस पहने बच्चे होंगे।
इधर परिवहन मंत्री गोपाल राय का कहना है कि स्कूलों को डीटीसी बसें इस शर्त के साथ दी जाएंगी कि वे 8 बजे तक फ़ील्ड पर आ जाएं।
बता दें कि डीटीसी करीब 50 बड़े स्कूलों में करीब 800 बसें भेजती है जिसमें हज़ारों बच्चे सफ़र करते हैं।
मालूम हो कि जब 1 जनवरी से पहली बार ऑड-ईवन नियम लागू किया गया था तो दिल्ली सरकार ने 15 दिन के लिए राजधानी के स्कूलों को बंद कर दिया था। लेकिन इस बार स्कूल बंद नहीं किए जा रहे जिसकी वजह से दूसरे चरण में ऑड-ईवन को कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ेगा।