20 रुपये के लिए मां को मार डाला: बेटे ने कुल्हाड़ी से काट दी गर्दन, रजिया को चुकानी पड़ी 'न' कहने की कीमत
सदर थाना नूंह पुलिस ने जमशेद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
नशेड़ी बेटे द्वारा अपनी मां की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या करने के मामले में हरियाणा के नूंह सदर थाना पुलिस ने जयसिंहपुर गांव से आरोपी जमशेद पुत्र मुबारिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
असम से आकर नूंह में बसा था परिवार
जानकारी के अनुसार मूलरुप से असम के जिला चिरांग के गांव हुतोरी का रहने वाला परिवार रणसिका गांव में आकर बसा था। कुछ दिन पहले ही परिवार जयसिंहपुर गांव में नहर की पुलिया के पास झोंपड़ी बनाकर रह रहा था।
परिवार में तीन भाइयों में जमशेद नशे का आदी था और वह नशे के लिए आए दिन अपनी मां से झगड़ा करता रहता था। शनिवार की रात को भी उसने नशा खरीदने के लिए अपनी मां रजिया से पैसे मांगे थे।
एक दिन की रिमांड पर भेजा गया हत्यारोपी
मां ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी जमशेद ने अपनी मां की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। सदर थाना नूंह पुलिस ने जमशेद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। नूंह सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।