डीयू : अब आवेदन, कॉलेज व कोर्स चयन की प्रक्रिया साथ-साथ चलेंगी, सीएसएएस के तहत दाखिले का दूसरा चरण आज से
डीयू में मंगलवार से स्नातक के दाखिले के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) का दूसरा चरण (कोर्स व कॉलेज का चयन) शुरू होने जा रहा है। इस चरण में पंजीकरण (आवेदन) के साथ-साथ कॉलेज व कोर्स की वरीयता का चयन किया जा सकेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए अब आवेदन व कॉलेज कोर्स चयन की प्रक्रिया साथ-साथ चलेगी। डीयू में मंगलवार से स्नातक के दाखिले के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) का दूसरा चरण (कोर्स व कॉलेज का चयन) शुरू होने जा रहा है। इस चरण में पंजीकरण (आवेदन) के साथ-साथ कॉलेज व कोर्स की वरीयता का चयन किया जा सकेगा। छात्र 14 जुलाई की रात 11 बजकर 59 मिनट तक चयन कर सकेंगे। डीयू ने स्पष्ट किया है कि सीट आवंटन के लिए छात्र कॉलेज व कोर्स की वरीयता में ज्यादा से ज्यादा कॉलेज व कोर्स भरें।
डीयू की सलाह है कि कॉलेज व प्रोग्राम भरने के लिए छात्रों के पास एक सप्ताह का समय है इसलिए कॉलेज व कोर्स की वरीयताओं को ध्यान से भरना जरूरी है। उनके चयन के आधार पर ही उन्हें सीट का आवंटन होगा। एक बार कॉलेज व कोर्स भरने के बाद यह वरीयताएं 14 जुलाई तक सीएसएएस पर ऑटो लॉक हो जाएंगी। वरीयता भरने की समय सीमा समाप्त होने के बाद छात्रों को कॉलेज व कोर्स बदलने की अनुमति नहीं मिलेगी। डीयू में दाखिले का पहला चरण (आवेदन प्रक्रिया) 17 जून से शुरू हुई था। अभी यह आवेदन प्रक्रिया जारी है जो कि 14 जुलाई तक चलेगी।
पहले राउंड में अधिकतर सीटें भरने की उम्मीद
इस आवेदन प्रक्रिया के तहत देशभर से अब तक 2,55,187 छात्रों ने साइन अप किया है जबकि अब तक 1,76,837 आवेदन जमा हो चुके हैं। मालूम हो कि डीयू में स्नातक की करीब 71 हजार सीटें हैं। जिस तरह से आवेदन जमा हुए हैं उससे पहले राउंड में अधिकतर सीटें भरने की उम्मीद है। सीट पाने की दावेदारी भी कठिन हो जाएगी। चूंकि अभी तक जिन्होंने आवेदन नहीं किया है वह भी अभी आवेदन कर सकते हैं। मालूम हो कि पहली सीट आवंटन सूची 19 जुलाई को जारी होगी।