{"_id":"69a17e5b661a0716d40d2813","slug":"two-people-injured-in-noida-transformer-explosion-2026-02-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"नोएडा में बड़ा हादसा: अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर तेज धमाके से फटा, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नोएडा में बड़ा हादसा: अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर तेज धमाके से फटा, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे
Fri, 27 Feb 2026 04:53 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
Published by: अनुज कुमार
Updated Fri, 27 Feb 2026 04:53 PM IST
सार
नोएडा में शुक्रवार को ट्रांसफार्मर फटने से दो लोग झुलस गए। हादसा नोएडा के व्यस्त सेक्टर 18 में हुआ। धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
ट्रांसफार्मर फटने से हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-18 मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक बिजली का ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया, जिसकी चपेट में आकर दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घायलों की पहचान विजय कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी गली नंबर-3, सेक्टर-44 नोएडा और हर्ष पुत्र रविकांत निवासी अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सेक्टर-18 मार्केट क्षेत्र में मौजूद थे, तभी अचानक ट्रांसफार्मर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के साथ ही तेज आग की लपटें उठीं और दोनों युवक उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-20 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना देरी किए दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर है, जिनमें से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा गया है। हादसे की सूचना पर फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे। मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी या ओवरलोड के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। हालांकि, सटीक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सेक्टर-18 नोएडा का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे व्यस्त इलाके में इस प्रकार की घटना ने बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।