{"_id":"6ae9e38015e8293a3e0c812b","slug":"two-accused-in-murder-of-history-sheeter-imran-arrested-following-a-police-encounter-2026-11-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"'पिता की मौत का बदला लिया': जेवर में हिस्ट्रीशीटर इमरान हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'पिता की मौत का बदला लिया': जेवर में हिस्ट्रीशीटर इमरान हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में घायल
Tue, 03 Nov 2026 07:08 PM IST
अनुज कुमार
फिरदौस आलम, अमर उजाला नेटवर्क, यमुना सिटी
फिरदौस आलम, अमर उजाला नेटवर्क, यमुना सिटी
Published by: अनुज कुमार
Updated Tue, 03 Nov 2026 07:08 PM IST
सार
हिस्ट्रीशीटर इमरान हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए हैं। उन्होंने बीती सात अक्तूबर को जहांगीरपुर इलाके में पिता की मौत का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इन आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा था।
विज्ञापन
इमरान हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जेवर कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर इमरान हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल, दो खोखा और पांच कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान मोहल्ला व्यापारियन, कस्बा जहांगीरपुर निवासी शेरू उर्फ शेरू मोहम्मद और मौसीम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनपर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें शेरू पर तीन मामले व मौसीम पर दो मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शेरू ही मुख्य आरोपी है। उसी ने पिता की मौत का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया। शेरू अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से इमरान पर नजर रख रहा था। वारदात वाले दिन शेरू को अपने साथियों के जरिए इमरान की देर रात घर से बाहर निकलने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर मोहल्ला व्यापारियान में इमरान को दौड़ा दौड़ा कर गोलियों से भून दिया।
विज्ञापन
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि सात अक्तूबर को जहांगीरपुर स्थित मोहल्ला व्यापारियन इलाके में देर रात हिस्ट्रीशीटर इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजन के तहरीर पर कुल छह लोगों अनीस, नफीस, शेरू, चांद मोहम्मद, युनूस और जान मोहम्मद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने एक टीम का गठन किया और जांच शुरू की, जिसमें पुलिस ने पहले नौ लोगों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने अन्य आरोपियों के शामिल होने का खुलासा किया था, जिसके बाद पुलिस मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार क्षेत्र में दबिश दे रही थी और पिकेट चेकिंग कर रही थी।
विज्ञापन
इसी दौरान सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस को झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास पुलिस को दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। खुद बचाने के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया। बाद में दोनों आरोपियों को पुलिस उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पिता की मौत का बदला लेने के लिए दिया वारदात को अंजाम
प्रेसवार्ता के दौरान एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि शेरू की मृतक हिस्ट्रीशीटर इमरान के साथ पुरानी रंजिश थी, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले शेरू के पिता यूसूफ की कुछ बदमाशों ने हत्या कर दी थी, जिनमें इमरान भी शामिल था। उन्होंने बताया कि अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए ही शेरू ने सारी साजिश रची और गोलीकांड को अंजाम दिया।
सीसीटीवी में कैद एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जान मोहम्मद उर्फ जामा, ईदरीश, इब्राहिम, रिजवान, समरीन, मुस्कान, शानू उर्फ शान, शेरू उर्फ शेरू मोहम्मद, मौसीम, नफीस व एक अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने नफीस को अलीगढ़ से पकड़ा था। सूत्रों ने बताया कि गोलीकांड में वारदात को अंजाम देते वक्त सीसीटीवी फुटेज में कैद एक आरोपी अब भी फरार चल रहा है, जिसकी पुलिस को तलाश है।