UP International Trade Show: नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस वे और एक्सपो मार्ट के पास बदला रहेगा यातायात, पढ़ें प्लान
यातायात पुलिस के मुताबिक, इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर सुरक्षा एवं सुविधा के मद्देनजर कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
विस्तार
इंडिया एक्सपो मार्ट में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान भारी वाहनों के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक डाइवर्जन लागू रहेगा। 25 से 29 सितंबर तक एक्सपोमार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा, जहां देश-विदेश से उद्योगपति, निवेशक और विशिष्ट अतिथि पहुंचेंगे। इस कारण यातायात पुलिस ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था और आकस्मिक स्थिति में एम्बुलेंस व फायर सर्विस के निर्बाध आवागमन के लिए विशेष योजना जारी की है।
यातायात पुलिस के मुताबिक, इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर सुरक्षा एवं सुविधा के मद्देनजर कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं। भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि दूध, सब्जियां, फल और चिकित्सीय सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी जाएगी।
आपातकालीन सेवाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग:
- यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात अवरोध की स्थिति में आगरा से आने वाले एम्बुलेंस वाहन चपरगढ कट से उतारकर चपरगढ अंडरपास से दाहिने डबल सर्विस रोड से वीआईपी रूट होकर जीरो प्वाइंट तक जा सकेंगे।
- चिल्ला, डीएनडी बॉर्डर पर यातायात अवरोध की स्थिति में आपातकालीन वाहन महामाया फ्लाई ओवर से सेक्टर 37 होकर डीएससी रोड से न्यू अशोक नगर अथवा झुंडपुरा बॉर्डर होकर दिल्ली क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे। इसी तरह फिल्मसिटी फ्लाई ओवर से सेक्टर 18 होकर एलिवेटेड मार्ग से सेक्टर 60, मॉडल टाउन सेक्टर 62 होकर गाजियाबाद बॉर्डर से दिल्ली पहुंचा जा सकेगा।
एक्सपोमार्ट पहुंचने के निर्धारित मार्ग:
- आगंतुकों की सुविधा के लिए एक्सपोमार्ट पहुंचने हेतु पांच मुख्य मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड होकर संस्कृति मंत्रालय तिराहा से पुस्ता रोड होकर नासा (बड़ा) गोलचक्कर में बनी पार्किंग में व्यवस्थित रूप से वाहन पार्क कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त गलगोटिया कट से भी एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होकर नासा गोलचक्कर तक पहुंचा जा सकेगा।
- सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए एलजी गोलचक्कर से शारदा गोलचक्कर होकर नासा गोलचक्कर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परीचौक से आने वाले वाहन जगतफार्म गोलचक्कर से ईशान कॉलेज के पास सर्विस रोड होकर जीएल बजाज के रास्ते भी नासा गोलचक्कर पहुंच सकेंगे।
पार्किंग एवं वापसी की व्यवस्था:
- नासा गोलचक्कर की पार्किंग क्षमता समाप्त होने पर केसीसी, जुबिलिएंट, यूनाइटेड कॉलेज परिसर में बनी पार्किंग का वैकल्पिक रूप से उपयोग किया जाएगा। कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत कोई भी वाहन पार्किंग स्थल से एक्सपोमार्ट की ओर नहीं जा सकेगा। वापसी के लिए सभी वाहन पार्किंग से निकलकर शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहे से कुलेशरा, फेस-2, ककराला से सोरखा पर्थला या किसान चौक, भंगेल, बरौला, सेक्टर 37 होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग:
- दिल्ली राज्य से चिल्ला रेड लाइट बॉर्डर से प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को यू-टर्न लेकर एनएच-09/24 से एनएच-91 व ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा। डीएनडी बॉर्डर और कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों के लिए भी इसी प्रकार की व्यवस्था की गई है।
- यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल से दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को जेवर टोल से पूर्व बने यू-टर्न से अलीगढ़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जेवर टोल पार करने के उपरांत वाहनों को जेवर, जहांगीरपुर की ओर डायवर्ट करके खुर्जा, बुलंदशहर होकर गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
परीचौक पर रहेगी विशेष व्यवस्था:
परी चौक पर यातायात का दबाव कम करने के लिए यात्री बसों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से परीचौक मेट्रो स्टेशन से पूर्व सर्विस रोड पर उतारकर अंसल प्लाजा के सामने पार्किंग स्थल पर पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था की गई है। इसके बाद बसें अंसल चौकी के सामने से सर्विस मार्ग होकर अल्फा कॉमर्शियल गोलचक्कर की ओर जाएंगी। डीसीपी ट्रैफिक का कहना है कि यातायात संबंधी किसी भी असुविधा की स्थिति में नागरिक गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं। लोगों से अपील की है कि वे मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें।