पुन्हाना। गांव बादली स्थित वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मुख्य गेट की दीवारों पर करीब 6 माह पहले किसी वाहन की टक्कर से दरारें आ गईं थी। इस कारण ग्रामीणों ने कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई थी। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में ‘स्कूल के मुख्य गेट की दीवारों पर दरारें’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से छापा था। इसके बाद जिला उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनूप जाख के आदेश पर खंड शिक्षा अधिकारी सद्दीक अहमद ने कनिष्ठ अभियंता के साथ स्कूल का जायजा लिया। वहीं मुख्याध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दीवार को तोड़ने का काम शुरू करा दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल का दौरा कर जांच की गई, तो पता चला कि इस दीवार के गिरने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत न कराने पर स्कूल के मुख्याध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं, उन्होंने 12 दिनों में नई दीवार बनाने को कहा है। अगर 12 दिनों में दीवार नहीं बनती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गांव बादली निवासी बरकत अली, कासम खान, पूर्व सरपंच हनीफ आदि ने कहा कि जिस शिकायत को शिक्षा विभाग के अधिकारी 6 माह से नहीं सुन रहे थे। अब अमर उजाला में खबर छपने के बाद विभाग ने इस मामले को संज्ञान में लिया है।