नूंह/पुन्हाना। जिला विधिक प्राधिकरण सेवाएं (डालसा) नूंह के आयोजन में शुक्रवार को राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय छात्र दिवस पर जागरूकता रैली निकाली। रैली को सीजेएम नूंह प्रतीक जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर में ब्राह्मण मोहल्ले से होते हुए मेन बाजार में आमजन को जागरूक करते हुए वापस विद्यालय पहुंची।
सीजेएम प्रतीक जैन ने कहा कि डालसा द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। डालसा का मुख्य उद्देश्य समाज को मुफ्त कानूनी सलाह के लिए जागरूक करना है। समाज में विद्यार्थी का अहम योगदान होता है। विद्यार्थी अपने परिवार, आस-पड़ोस को जानकारी पहुंचाने में कारगर होते हैं। सभी को कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक करना हैं एवं सरकार द्वारा कोरोना से बचाव के लिए समय-2 पर जारी किए जाने वाले दिशा- निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। विद्यालय के कॉमर्स लेक्चरर दिनेश गोयल ने हमें जीवन में लगातार अच्छे कार्य करते रहने चाहिए। विद्यार्थी जीवन से ही आपका पूरा जीवन निर्धारित होता है। आपको अपने जीवन में अनुशासन बनाए रखना है। इस अवसर पर हेडमास्टर मोहम्मद हारून, डीओसी ओम सिंह, शमीम, जुनेद, जुबेर खान, प्रियंका सहित विद्यालय की छात्राएं मौजूद रही।