नोएडा: पूर्व सैन्य अधिकारियों के 9 फ्लैटों के ताले तोड़ लाखों की चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-29 में सैन्य अधिकारी-कर्मचारियों के 9 फ्लैटों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए। सभी फ्लैट मालिक परिवार समेत घूमने गए हैं। पीड़ितों को घटना की सूचना आरडब्ल्यूए ने दी। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद सभी फ्लैटों में ताले लगवा दिए हैं। पीड़ितों के वापस आने पर शिकायत पुलिस को दी जाएगी। हालांकि ,पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं, चोरों के दीवार फांदकर सोसायटी में दाखिल होने और उसी रास्ते से सामान लेकर फरार होने की आशंका जताई जा रही है।
अरुण विहार सेक्टर-29 वार्ड डायरेक्टर सेवानिवृत्त कर्नल एएस सिंधू ने बताया कि उनके वार्ड निवासी रिटायर्ड जनरल रावत, कृष्णा दहईया, आरडी शारदा, डिंपल, सुंदरलाल, राहुल साहनी, कर्नल जसवंत सिंह, कर्नल प्रतीक भार्गव, कर्नल जीएस होरा और कर्नल एके मलिक आदि बाहर गए हुए हैं। शनिवार रात चोरों ने सभी 9 फ्लैटों के ताले तोड़कर घटना को अंजाम दिया। जानकारी होने पर सुबह लोगों ने आरडब्ल्यूए और पुलिस को सूचना दी।
हालांकि कोई भी फ्लैट मालिक रविवार देर शाम तक अरुण विहार नहीं पहुंच पाए। इससे पता नहीं चल सका है कि कितने का सामान चोरी हुआ है। लेकिन आशंका है कि लाखों रुपये का सामान चोरी किया गया है। उधर, सेक्टर-20 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और फोटोग्राफ भी लिए।
वहीं, जांच में कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे अरुण विहार में काम करने वाले कर्मचारियों के ही घटना में शामिल होने का संदेह हैं। इंस्पेक्टर थाना सेक्टर-20 कोतवाली राजवीर चौहान का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अवकाश प्राप्त कर्नल शशि वैद्य ने कहा कि सेक्टर-28, 29 व 37 को सबसे सुरक्षित माना जाता है। पिछले कुछ दिनों से चोरी की कई घटनाएं हुईं हैं। 2 जुलाई को एक भी एक नाबालिग को चोरी के आरोप में पुलिस को सौंपा था। इससे पहले मार्च में भी कई घरों में चोरी हो चुकी है। मगर किसी भी घटना का खुलासा नहीं हुआ है। लगातार घटनाओं से लोग आहत हैं।