नौकरियों की आएगी बहार!: पीएम मोदी का एलान, 2030 तक इस क्षेत्र में मिलेगा 60 लाख युवाओं को रोजगार
ग्रेटर नोएड में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में सेमीकॉन इंडिया-2024 के उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि साल 2023 तक इलेक्ट्रिॉनिक सेक्टर में नौकरियों की भरमार होगी। हमें उम्मीद है कि 60 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।
विस्तार
इलेक्ट्रिॉनिक सेक्टर में नौकरियों की भरमार
एक्सपो सेंटर के सभागार में सेमीकंडक्टर उद्योग क्षेत्र की देश विदेश की बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें याद रखना है कि अभी एक ताजा रिपोर्ट आई है जिसमें कहा है कि भारत 5 जी हैंडसेट का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन चुका है। दो साल पहले ही 5 जी रोल आउट शुरू किया था। आज भारत का इलेक्ट्रिॉनिक सेक्टर 1.50 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा का हो चुका है।
इस दशक के अंत तक हम अपने इस सेक्टर को 500 बिलियन डॉलर तक पहुंचाना चाहते हैं। इससे भारत में 60 लाख युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग को भी इसका फायदा होगा। हम चाहते हैं इलेक्ट्रिॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग का 100 फीसदी काम भारत में ही हो। यानि भारत सेमीकंडक्टर चिप भी बनाएगा और उसके फिनिश उत्पाद भी बनाएगा।
भारत का सेमीकंडक्टर परिवेश ग्लोबल चुनौतियों का समाधान
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर परिवेश सिर्फ भारत की ही नहीं बल्कि ग्लोबल चुनौतियों को भी समाधान देता है। डिजाइनिंग से जुड़ा एक मेटाफर सिंगल प्वाइंट ऑफ फेलियर है। इसमें डिजाइनिंग के छात्रों को बताया जाता है कि यह कमी से बचना चाहिए। मकसद यही होता है कि सिस्टम किसी एक कंपोनेंट पर निर्भर नहीं रहे।
आगे कहा कि यही हमारी लाइफ के सप्लाई चेन में लागू होता है। कोविड हो, युद्ध हो, बीते समय में कोई इंडस्ट्री नहीं जिसे सप्लाई चेन बिगड़ने से नुकसान नहीं हुआ हो। भारत ने अलग अलग अलग सेक्टर में लचीलापन पैदा करने के मिशन का अहम हिस्सा है। मोबाइल उत्पादन हो, इलेक्ट्रिॉनिक सेमीकंडक्टर हो, लक्ष्य साफ है कि हम ऐसी दुनिया बनाना चाहते हैं जो संकट के समय रुके नहीं और निरंतर चलती रहे।