UP: होली से पहले तीन गुना से ज्यादा बढ़ा प्राइवेट बसों का किराया, 600 वाला 1900 का हुआ; विंडो सीट का अलग चार्ज
दिल्ली और नोएडा-ग्रेटर नोएडा से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी की ओर जाने वालों की भीड़ सबसे ज्यादा है। आमदिनों में इस रूट पर जाने वालों से बैठने के लिए 600-700 रुपये और स्लीपर सीट के लिए 850-1000 रुपये ऑनलाइन बुकिंग के जरिए लिए जाते हैं। लेकिन त्योहार में रेट कई गुना हो गए हैं। कानपुर के लिए सीट 1900 रुपये और स्लीपर के लिए 3200 रुपये लिए जा रहे हैं।
विस्तार
होली का त्योहार नजदीक है और शिक्षण संस्थानों में छुट्टियां हो चुकी हैं। पढ़ाई करने वाले युवा और नौकरी पेशा लोग जल्द से जल्द अपने घर पहुंचना चाहते हैं। लेकिन उन्हें नोएडा से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और अन्य शहरों तक जाने के लिए तीन गुना से ज्यादा किराया देना पड़ रहा है।
600 वाली टिकट 1900 की
त्योहार में चलने वाली भीड़ को देखते हुए प्राइवेट बस कंपनियों ने अपने किराए में तीन गुना से ज्यादा इजाफा कर दिया है। आम दिनों में जो टिकट 600-900 रुपये तक रहती थी। वही टिकट खरीदने के लिए लोगों को 1900 से 3300 रुपये तक देने पड़ रहे हैं। इसके बाद भी बसों में लोगों को जगह नहीं मिल रही है। यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट, जेवर टोल, रबूपुरा और दनकौर कट पर यात्रियों की लगी भीड़ लग रही है। शुक्रवार को भी यही हाल देखने को मिला। सुबह से ही सभी प्वाइंटों पर बस का इंतजार करने वालों की भीड़ थी। जो देर रात तक बनी रही। लोग बसों का इंतजार करते रहे और घंटों इंतजार करने के बाद उन्हें अपने शहर जाने के लिए बसें मिल सकी।
युवाओं को सबसे ज्यादा हो रही परेशानी
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तीन लाख से ज्यादा युवा पढ़ाई कर रहे हैं। यहां पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही बिहार तक के शहरों से पढ़ाई करने के लिए युवा आते हैं। जो त्योहार नजदीक आते ही अपने घर जाने की तैयारी कर लेते हैं। युवाओं की भीड़ को देखते हुए ही बस कंपनियों ने भी अपने रेट में इजाफा कर दिया है। जिसके कारण युवाओं और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विंडो सीट के लिए देने पड़ रहे 100-150 ज्यादा
खिड़की साइड सीट का चार्ज ज्यादा प्राइवेट बसों को बुक करने के लिए लोग ऑनलाइन एप का सहारा ले रहे हैं। लेकिन त्योहार नजदीक होने के कारण ज्यादातर बसों में सीटें फुल हो जा रही हैं। दिल्ली के आईएसबीटी, कश्मीरी गेट और अन्य बस अड्डों से ही बसें फुल होकर आ रही हैं। सीट फुल होने के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट और अन्य कटों पर खड़े विद्यार्थियों और अन्य लोगों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं खिड़की की तरफ वाली सीट के लिए लोगों से 100-150 रुपये तक अतिरिक्त लिए जा रहे हैं।
कानपुर, लखनऊ, वाराणसी का किराया सबसे महंगा
दिल्ली और नोएडा-ग्रेटर नोएडा से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी की ओर जाने वालों की भीड़ सबसे ज्यादा है। आमदिनों में इस रूट पर जाने वालों से बैठने के लिए 600-700 रुपये और स्लीपर सीट के लिए 850-1000 रुपये ऑनलाइन बुकिंग के जरिए लिए जाते हैं। लेकिन त्योहार में रेट कई गुना हो गए हैं। कानपुर के लिए सीट 1900 रुपये और स्लीपर के लिए 3200 रुपये लिए जा रहे हैं। वहीं वाराणसी के लिए सीट 1857 और स्लीपर 3244 का है। जबकि खिड़की वाली सीट के लिए 1950 रुपये का है। इसी तरह लखनऊ और प्रयागराज जाने वाली बसों का भी रेट तीन गुना हो गया है।