{"_id":"683989f4eb8bed657a056241","slug":"npcl-team-which-came-to-investigate-electricity-theft-in-kailashpur-took-hostage-2025-05-30","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"'कनेक्शन नहीं...4.25 लाख का है बकाया': बिजली विभाग की टीम को घंटों बनाया बंधक, ग्रामीणों ने भी दिया साथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'कनेक्शन नहीं...4.25 लाख का है बकाया': बिजली विभाग की टीम को घंटों बनाया बंधक, ग्रामीणों ने भी दिया साथ
Fri, 30 May 2025 04:06 PM IST
अनुज कुमार
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
Published by: अनुज कुमार
Updated Fri, 30 May 2025 04:06 PM IST
सार
ग्रेटर नोएडा के कैलाशपुर गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची एनपीसीएल टीम को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। एनपीसीएल की ओर से सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दी गई है।
विज्ञापन
बिजली चोरी अभियान के दौरान टीम को बनाया बंधक
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कैलाशपुर गांव में शुक्रवार को बिजली चोरी की जांच करने गई नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) की निगरानी टीम को ग्रामीणों ने घेरकर बंधक बना लिया। यह घटना उस समय हुई जब टीम गांव में अजय भाटी के घर बिजली चोरी की जांच करने पहुंची थी। कंपनी की ओर से सूरजपुर कोतवाली में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
एनपीसीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अजय भाटी के घर पर वैध कनेक्शन होने के बावजूद वहां अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। एनपीसीएल की जांच टीम को संदेह हुआ कि बिजली खपत मीटर में दर्ज नहीं हो रही है। जिसके आधार पर टीम ने मौके पर जांच शुरू की।
विज्ञापन
जांच की भनक लगते ही अजय भाटी ने गांव में शोर मचा दिया और अन्य ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए और एनपीसीएल की टीम को घेरकर परिसर से बाहर निकलने से रोक दिया।
विज्ञापन
एनपीसीएल अधिकारियों का कहना है कि अजय भाटी ने टीम के खिलाफ गलत जानकारी फैलाकर गांव के लोगों को भड़काया और जांच को जबरन रुकवाया।ग्रामीणों ने टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता भी की और काफी देर तक उन्हें बंधक बनाकर रखा।
घटना के दौरान सामने आया कि अजय के पिता, जगदीश भाटी के नाम से भी एक बिजली कनेक्शन है। जिस पर 4.25 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। वर्ष 2005 में उनके नाम पर कनेक्शन लिया गया था, लेकिन तब से अब तक एक भी बिल का भुगतान नहीं किया गया। बकाया राशि के कारण कनेक्शन काट दिया गया था। फिर भी जगदीश भाटी अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे।
एनपीसीएल ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है और कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उसके लाइसेंस क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की घटनाएं अभियान को बाधित नहीं कर पाएंगी।