मुंबई बम धमकी मामला: नोएडा के कथित ज्योतिषी ने 'फिरोज' के नाम से भेजा फर्जी मैसेज, दोस्त की इस बात से था नाराज
नोएडा के कथित ज्योतिषी अश्वनी कुमार को मुंबई पुलिस ने फर्जी आतंकी धमकी भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया। व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते कुमार ने अपने दोस्त को फंसाने के लिए धमकी वाला मैसेज भेजा था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के नोएडा से मुंबई पुलिस ने आखिरकार धमकी देने वाले आरोपी अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच ने धमकी के 24 घंटे के अंदर नोएडा सेक्टर 79 से पकड़ा। जो खुद को ज्योतिषी और वास्तु विशेषज्ञ बता रहा है।
बिहार के पटना निवासी कुमार ने व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते अपने दोस्त को फंसाने के लिए यह साजिश रची थी। पुलिस ने कहा कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर एक धमकी मिली थी। जिसमें कहा गया कि 14 आतंकी मुंबई में घुस आए हैं और 34 वाहनों में 400 किलो आरडीएक्स लगाया गया है। मैसेज 'लश्कर-ए-जिहादी' नामक संगठन के नाम से था।
जिसके बाद तुरंत मुंबई पुलिस हरकत में आई। यह घटना अनंत चतुर्दशी उत्सव से ठीक पहले हुई, जब शहर में लाखों लोग गणेश विसर्जन के लिए एकत्र होते हैं। जांच शुरू की और मैसेज को नोएडा के सेक्टर 113 से भेजा गया पाया। जहां नोएडा पुलिस के सहयोग से अश्वनी कुमार को सेक्टर 79 से कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुमित शुक्ला ने बताया कि कुमार को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। पूछताछ में कुमार ने कहा कि यह फर्जी धमकी अपने दोस्त फिरोज के नाम से भेजी थी। जिसने 2023 में पटना के फुलवारी शरीफ पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में वह तीन महीने जेल में रहा था। इसी का बदला लेने के लिए कुमार ने फिरोज के नाम से धमकी भेजी। ताकि उसे आतंकी मामले में फंसाया जा सके।
पुलिस ने आरोपी के पास से सात मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, छह मेमोरी कार्ड होल्डर, दो डिजिटल कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.