जेवर एयरपोर्ट: हेलिकॉप्टर से आए सीएम लेकिन इस मजबूरी में सड़क मार्ग से लौटे, आम लोग हुए परेशान
वीवीआईपी रूट के कारण कई रास्ते बंद करने से वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। जेवर से बुलंदशहर जाने वाले मार्ग को जेवर में साबौता कट व नगला छीतर मार्ग तक बंद करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेवर एयरपोर्ट शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभा स्थल पर लगभग साढ़े चार बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचे, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर देरी को देखते हुए लगभग सवा पांच बजे हेलीकॉप्टर लौट गया। इसके बाद मुख्यमंत्री को सड़क मार्ग से लौटना पड़ा।
ऐसे में वीवीआईपी रूट के कारण कई रास्ते बंद करने से वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। जेवर से बुलंदशहर जाने वाले मार्ग को जेवर में साबौता कट व नगला छीतर मार्ग तक बंद करना पड़ा। बनवारीवास, किशोरपुर, रामनेर, साबौता गांव के लोग को भी इस मार्ग पर जाने से रोकना पड़ा।
किशोरपुर व साबौता गांव में जेवर झाजर मार्ग पर सड़क किनारे बने होटल-ढाबों के अलावा दुकानों को भी बंद करा दिया गया। जेवर से बुलंदशहर की तरफ जाने वाले लोगों को सबौता कट व खुर्जा रोड की तरफ से आने वाले लोगों को यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर अस्थायी बैरिकेडिंग बनाकर रोका गया तो झाजर की तरफ से आने वाले लोगों को नगला छीतर मार्ग के पास रोक दिया गया।
जेवर की तरफ आने वाले रन्हेरा, मुढरह, बीरमपुर, आकलपुर, कलूपुरा आदि गांव के लोगों के साथ-साथ जेवर बुलंदशहर मार्ग के रास्ते सफर करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम के सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने मंच से लेकर साउंड सिस्टम, नागरिकों के बैठने, ट्रैफिक व्यवस्था आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री करेंगे। प्रदेश के लिए यह स्वर्णिम अवसर है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में सभी वरिष्ठ व संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी इस कार्यक्रम को सफल बनाएं। कार्यक्रम में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
सिस्टम के बारे में भी उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी ऐसे प्रयास सुनिश्चित करें कि कहीं पर भी जाम की स्थिति न हो। कार्यक्रम समापन के उपरांत भी कहीं पर यातायात अवरुद्ध न हो और सभी नागरिक सकुशल लौट जाएं।
जिन जनपदों से नागरिक कार्यक्रम में आएंगे, उनके लिए बस आदि की व्यवस्था समय से कराएं। पर्याप्त मात्रा में सुलभ शौचालय व स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था मानकों के अनुरूप की जाए।