नूंह। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेवात मॉडल स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों और अन्य स्टाफ को बड़ी सौगात दी है। मेवात डेवलेपमेंट बोर्ड के अंतर्गत संचालित मेवात मॉडल स्कूल अब हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा चलाएं जाएंगे। इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षक व अन्य कर्मचारियों को शिक्षा विभाग के मेवात कैडर में खाली पड़े पदों पर एडजस्ट किया जाएगा।
उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि जिले में चल रहे मॉडल स्कूलों को मेवात डेवलपमेंट बोर्ड के माध्यम से संचालित किया जा रहा था। पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेवात में यह घोषणा की थी कि जल्द ही इन स्कूलों को हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग के अंतर्गत लाया जाएगा। मुख्यमंत्री की इसी घोषणा के अंतर्गत इन स्कूलों में कार्यरत जो भी शिक्षक हरियाणा सरकार के सर्विस रूल के मुताबिक योग्यता पूरी करता है, उसे मेवात कैडर में खाली पड़े शिक्षकों के पदों पर एडजस्ट किया जाएगा। इसके साथ-साथ कांट्रेक्ट पर लगे शिक्षकों व अन्य स्टाफ को भी कांट्रेक्ट के पदों पर एडजस्ट किया जाएगा। मेवात मॉडल स्कूलों के शिक्षकों को मेवात कैडर में ही ट्रांसफर मिल सकेगी। शिक्षकों को वरिष्ठता भी मेवात कैडर के सर्विस रूल के मुताबिक दी जाएगी। इन सभी कर्मचारियों पर हरियाणा सिविल सर्विस रूल लागू होगा। कॉन्ट्रेक्ट पर कार्यरत कर्मचारी कांट्रेक्ट पर ही रहेंगे।