नूंह। गांव मालब में शुक्रवार देर रात को चोरों ने राजेश ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर करीब 2 लाख के जेवरात और 20 हजार की नकदी चोरी कर ली। आकेड़ा चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मालब गांव में काफी समय से उसकी ज्वैलर्स की दुकान है। हर दिन की तरह शुक्रवार को भी वह दुकान बंद कर पलवल चले गए थे, लेकिन शनिवार सुबह दुकान का शटर टूटा मिला। दुकान की तिजोरी से करीब 2 लाख के सोने-चांदी के जेवरात भी गायब थे। इसके अलावा 20 हजार की नकदी भी चोरी कर ली। चौकी प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि दुकानदारों की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्वर्णकार की दुकान का ताला टूटा था। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा। वहीं, स्वर्णकार राजेश सोनी, हरिओम और जितेंद्र सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि प्लॉटों में कुछ लोग नशा करते रहते हैं। इस कारण गांव में समय-समय पर चोरी की वारदात होती रहती है।