नूंह। जिले में 396 स्वास्थ्य टीमें लोगों की घर-घर जाकर जांच कर रही है। अब तक 1,65,345 परिवारों में 10 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच हो चुकी है। जिला उपायुक्त धीरेद्र खडग़टा ने बताया कि इन 10 लाख लोगों में से टीम ने 5053 लोगों को हेड क्वार्टर टीम के पास भेजा। जिनकी कोरोना वायरस जांच होनी थी। बता दें कि इन लोगों में 4443 लोगों की रैपिड टेस्ट किट से कोरोना की जांच की गई व 693 लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट करवाया गया जिसमें केवल 12 ही कोरोना से संक्रमित मिले। जिनका इलाज होम आइसोलेशन में ही चल रहा है। जिले में कोरोना संक्रमण की दर को कम करने के लिए जिला के लोगों, स्वास्थ्य कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मेहनत का ही परिणाम है। सभी लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। जिसके कारण जिले में संक्रमण की दर कम हुई है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मास्क अवश्य लगाएं और अपने हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से साफ रखें। खांसी या बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कोरोना की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहें हैं। ग्राम स्तर कार्य कर रही टीमें सभी की स्क्रीनिंग कर रही हैं और जिस भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिलते हैं उनको हेड क्वार्टर टीम के पास भेजा जा रहा है। ग्राम स्तर की टीम में आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर ,एक पंच या सरपंच और एक बीएलओ तैनात किया गया है। जिससे हर घर को चिंहित कर उसके स्क्रीनिंग की जा सके। हेड क्वार्टर टीम में एक एमपीएचडब्लयू, एएनएम और डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल है।