नूडल्स खाने के बाद पांच मौतें: कर्ज या प्रेम प्रसंग, इन बिंदुओं पर जांच शुरू; इस शख्स ने सबसे पहले देखे शव
नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। नूडल्स खाने से फूड पॉइजनिंग, हत्या, आत्महत्या, कर्ज, प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद जैसे कई पहलुओं पर पड़ताल जारी है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। प्रथम दृष्टया मामला नूडल्स समेत अन्य खाद्य पदार्थ खाने के बाद तबीयत बिगड़ने से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस किसी एक संभावना को आधार मानकर जांच आगे नहीं बढ़ा रही है। मामले में हत्या या आत्महत्या की आशंका समेत तीन प्रमुख एंगल पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस कर्ज, प्रेम प्रसंग, संपत्ति विवाद और परिवार के बीच किसी तरह के तनाव समेत अन्य बिंदुओं को भी जांच में शामिल कर रही है।
इस शख्स ने सबसे पहले देखे शव
पुलिस के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्यों ने रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच खाना खाया था। सुबह जब एक बच्चा परीक्षा देने के लिए जगाने गया, तब घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस की शुरुआती जांच में खाद्य पदार्थ खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की आशंका सामने आई है। इसी आधार पर फूड पॉइजनिंग के एंगल से भी जांच की जा रही है। पुलिस ने परिवार के सदस्यों द्वारा खाए गए नूडल्स और अन्य खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी जुटाई है। मौके से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। डीसीपी श्रवण कुमार ने बताया कि परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। सभी ने रात में खाना खाया था। सुबह घटना की जानकारी होने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मृतकों ने जो चीजें खाई थीं, उनके अलावा अन्य पहलुओं के आधार पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
कर्ज था या नहीं, इसकी भी पड़ताल
पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि परिवार पर किसी तरह का कर्ज या आर्थिक दबाव तो नहीं था। परिवार की आर्थिक स्थिति, लेनदेन और हाल के दिनों में हुए किसी बड़े विवाद के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर तनाव तो नहीं था।
कॉल डिटेल से तलाशे जा रहे संपर्क
जांच के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और कॉल हिस्ट्री भी खंगाल रही है। घटना से पहले मृतकों की किन लोगों से बातचीत हुई थी और वे किन लोगों के संपर्क में थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि कॉल डिटेल से घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
संपत्ति विवाद और प्रेम प्रसंग भी जांच में
परिवार की संपत्ति को लेकर कोई विवाद था या नहीं, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। इसके अलावा प्रेम प्रसंग समेत अन्य व्यक्तिगत कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या परिवार के किसी सदस्य का किसी व्यक्ति से विवाद या संपर्क था।