ग्रेटर नोएडा में लगी भीषण आग: इको विलेज-2 सोसाइटी की मार्केट में जलीं दुकानें, ATM में हुआ था शॉर्ट सर्किट
निवासियों के अनुसार एटीएम में अचानक धुआं उठने लगा और चिंगारियां दिखीं। कुछ ही देर में एटीएम मशीन से लपटें निकलने लगीं। जिससे वहां मौजूद लोग घबराकर बाहर भागे। आग इतनी तेज थी कि तुरंत पास की किराना और दो अन्य दुकानों तक फैल गई।
विस्तार
ग्रेनो वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी में शनिवार दोपहर मार्केट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग मुख्य मार्केट के बाहर बने टीन शेड में स्थित एक निजी बैंक के एटीएम से शुरू हुई और देखते ही देखते बगल की किराना व अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
निवासियों के अनुसार एटीएम में अचानक धुआं उठने लगा और चिंगारियां दिखीं। कुछ ही देर में एटीएम मशीन से लपटें निकलने लगीं। जिससे वहां मौजूद लोग घबराकर बाहर भागे। आग इतनी तेज थी कि तुरंत पास की किराना और दो अन्य दुकानों तक फैल गई। दुकानदार और स्थानीय लोग पहले तो खुद आग बुझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन बढ़ती लपटों के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत पंपिंग शुरू की और सोसाइटी में लगे अग्निशमन यंत्रों की मदद भी ली। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दुकान मालिकों का कहना है कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में एटीएम में शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह सामने आई है।