Noida : वॉट्सऐप कॉल करके मांगी 13 करोड़ की रंगदारी, बिजनेसमैन की कंपनी में काम कर चुका है आरोपी का पिता
कंपनी मालिक प्रतीक गर्ग के पास से 21 अक्तूबर की शाम को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल व मैसेज आया था। मैसेज में आरोपी ने लिखा था कि अगले दिन 22 अक्तूबर तक उसे 80 लाख रुपये पहुंचा दिये जाएं, वरना पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
विस्तार
नोएडा में कोतवाली फेज टू क्षेत्र में एक कंपनी मालिक से 13.50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। व्हाट्सएप कॉल व मैसेज कर रंगदारी मांगने की घटना सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस में खलबली मच गई। दो दिन बाद पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कंपनी के पूर्व कर्मचारी का बेटा है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल बरामद किए हैं।
कोतवाली फेज टू क्षेत्र में सेक्टर-83 में कंपनी मालिक प्रतीक गर्ग के पास से 21 अक्तूबर की शाम को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल व मैसेज आया था। इसमें कंपनी मालिक व पूरे परिवार का विवरण लिखकर 13 करोड़ 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। मैसेज में आरोपी ने लिखा था कि अगले दिन 22 अक्तूबर तक उसे 80 लाख रुपये पहुंचा दिये जाएं, वरना पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
धमकी मिलने के बाद परिवार सहम गया और पुलिस से शिकायत की। कोतवाली फेज टू पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की तो रविवार को आरोपी को सेक्टर-90 टी प्वाइंट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोरखा निवासी विवेक मंडल के रूप में हुई है। वह मूलरूप से मधुबनी ( बिहार) का रहने वाला है। एसीपी अब्दुल कादिर ने बताया कि रंगदारी मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल दो मोबाइल बरामद किए गए हैं।
आरोपी का पिता कंपनी में कर चुका है काम
पुलिस के मुताबिक रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार आरोपी विवेक मंडल का पिता बसंत मंडल पहले इस कंपनी में काम करता था। इस कारण उसे कंपनी के मालिक व कंपनी के बारे में पूरी जानकारी थी। दिवाली के मौके पर उसने पैसे कमाने के चक्कर में यह योजना बनाई और फोन कर रंगदारी की मांग कर दी। पुलिस ने आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।