ग्रेनो वेस्ट के लोगों ने केन्द्रीय मंत्री को गिनाईं समस्याएं
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी सोसायटी में रविवार को केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. महेश शर्मा ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमेें गौड़ सिटी के सभी एवेन्यू के लोग शामिल हुए। सोसायटी के लोगों ने समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। सिक्स एवेन्यू के लोगों ने सोसायटी के बाहर फुट ओवर ब्रिज और पुलिस चौकी बनवाने की मांग की। सोसायटी में इंटरनेट व मोबाइल नेटवर्क की परेशानी ज्यादा है। लोगों ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क न आने से काफी दिक्कत आ रही है। मुख्य मार्ग खराब है। स्ट्रीट लाइट, टूटी सड़कों की मरम्मत, प्राधिकरण के नक्शे में दिए गए स्थान पर नर्सिंग होम की स्थापना, गंगा वाटर की सप्लाई और बच्चों के खेलकूद के लिए खेल मैदान आदि स्थापित कराने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने सोसायटी के लोगों को प्राधिकरण अधिकारियों के साथ बैठक कराकर समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है। सोसायटी के लोगों ने केंद्रीय मंत्री को 18 सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा। ब्यूरो