{"_id":"6ac409f243b454a57e027bc6","slug":"car-carrying-students-returning-from-a-party-crashes-into-a-divider-one-dead-grnoida-news-c-1-1-noi1082-4803159-2026-10-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida News: पार्टी कर लौट रहे छात्रों की कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida News: पार्टी कर लौट रहे छात्रों की कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत
विज्ञापन
विज्ञापन
भंगेल एलिवेटेड रोड पर हुआ हादसा, गाजियाबाद के फार्म हाउस में पार्टी कर लौट रहे थे तीन छात्र, दो घायल
- परिजनों ने दोनों दोस्तों पर हत्या का लगाया आरोप, पुलिस को दी शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गाजियाबाद के फार्म हाउस में दोस्तों संग पार्टी कर लौट रहे तीन दोस्तों की तेज रफ्तार कार रविवार तड़के भंगेल एलिवेटेड रोड पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे छात्र यश तिवारी (22) की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो दोस्त मेहरान और सैफ घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त यश ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। टक्कर के दौरान साइड का शीशा टूटने के बाद वह डिवाइडर से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं परिजनों ने दोनों दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे हादसा बता रही है।
हरदोई के सिटी रोड निवासी शशिकांत तिवारी का इकलौता बेटा यश नोएडा में सेक्टर-125 स्थित विश्वविद्यालय से इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स कर रहे थे। वह सेक्टर-168 स्थित निंबस सोसायटी में कमरा लेकर श्रीनगर निवासी मेहरान के साथ रहते थे। शनिवार रात यश, मेहरान और उनका दोस्त सैफ कार से गाजियाबाद गए थे। वहां तीनों ने पार्टी की। रविवार सुबह करीब पांच बजे तीनों नोएडा लौट रहे थे। यश कार चला रहे थे। जबकि मेहरान आगे की सीट पर और सैफ पीछे बैठा था। अगाहपुर से फेस-2 थाना की तरफ आते समय भंगेल एलिवेटेड रोड पर कार की रफ्तार अधिक थी। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और घूमते हुए डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर के दौरान कार का साइड हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ और शीशा टूट गया।
विज्ञापन
यश गंभीर रूप से घायल होकर डिवाइडर से टकरा गए। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। हादसे में कार के साइड से टकराने के कारण एयरबैग भी नहीं खुले। मेहरान ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिससे उसे गंभीर चोट नहीं आई। पिछली सीट पर बैठे सैफ को भी गंभीर चोट नहीं लगी। एडीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में छात्र की मौत हो गई है। इस मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है।
विज्ञापन
इकलौते बेटे की मौत से छाया मातम
यश की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया। यश इकलौता बेटा था। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि यश पिछले कुछ समय से पढ़ाई छोड़ दी थी। सूचना मिलने के बाद परिजन नोएडा पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
हत्या का लगाया आरोप, जाचं शुरू
परिजनों ने दोनों दोस्तों की भूमिका पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को शिकायत दी। यश के पिता शशिकांत तिवारी ने इसे हत्या बताया है और दुर्घटना का रूप देने की बात कही है। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत लेकर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
कनावनी फार्म हाउस में की थी पार्टी
इस हादसे के बाद पुलिस की टीम कनावनी के उस फार्म हाउस पर पहुंची। जहां तीनों ने पार्टी की थी। वहां के स्टाफ व पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। फुटेज में यश दोस्तो के साथ पार्टी के बाद सामान्य रूप से ही बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।
तेज रफ्तार कार लहराते हुई डिवाइडर से टकराई
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के दौरान कार की गति तेज थी। जिस जगह पर हादसा हुआ है। वहां सडक़ थोड़ी से घुमावदार है। तेर रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर लहरा गई और डिवाइडर से टकरा गई। जिस कार से हादसा हुआ है। उसके ओवरस्पीड व अन्य तरह के 13 चालान हैं।