मारे जाने के बाद से लापता थे दोनों: वापस लौटा अनिल दुजाना की पत्नी का भाई और करीबी, एनकाउंटर से पहले थे साथ
दोनों अनिल दुजाना के साथ ही दिल्ली कड़कड़डूमा कोर्ट के लिए निकले थे। इसके बाद अनिल दुजाना के मेरठ में एनकाउंटर में मारे जाने की खबर मिली और दोनों लापता हो गए।
विस्तार
अनिल दुजाना के एनकाउंटर के बाद से लापता हुआ उसकी पत्नी का भाई और करीबी शनिवार को वापस लौट आए। हालांकि उनके लापता होने के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई। केवल इतना बताया गया है कि दोनों मेरठ में थे और वहीं से लौटकर आए हैं।
पता चला है कि दोनों के पास मोबाइल आदि नहीं थे। दोनों अनिल दुजाना के साथ ही दिल्ली कड़कड़डूमा कोर्ट के लिए निकले थे। इसके बाद अनिल दुजाना के मेरठ में एनकाउंटर में मारे जाने की खबर मिली और दोनों लापता हो गए।
अनिल दुजाना के दिल्ली कोर्ट में जाने की बात को गुप्त रखा गया था। इसके बावजूद आशंका जताई जा रही है कि अनिल दुजाना के किसी करीबी ने ही उसकी मुखबिरी की है। अनिल के गिरोह से जुड़े उन लोगों पर शक जाहिर किया जा रहा है, जिन लोगों से रुपयों को लेकर उसकी अनबन चल रही थी।
इधर, एसटीएफ की जांच के कारण अनिल दुजाना के करीबी भी खुद को उससे कोई संबंध न होने का दावा करने लगे हैं। जिन लोगों को गिरोह की बेनामी संपत्ति के संबंध में जानकारी है, वह भी जांच की आंच से बचने के लिए अनिल से कभी कोई संबंध न होने का दावा करने लगे हैं।
उधार के पैसे मांगने पर व्यापारी को सुंदर भाटी के नाम से दी धमकी
उधार दिए गए सामान के पैसे मांगने पर एक व्यापारी को सुंदर भाटी के नाम से जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में बीटा-2 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अजय कुमार ने कहा है कि उनका साइट-4 में कन्हैया टिंबर के नाम से शोरूम है। विनायक सिद्धी नाम का एक व्यक्ति उनकी दुकान से पांच लाख 65 हजार रुपये का सामान लेकर गया था। आरोपी ने एक माह बाद सामान का रुपया देने का वादा किया था। व्यापारी का आरोप है कि एक माह बाद आरोपी से रुपये मांगने तो उसने सुंदर भाटी के नाम से धमकी दी है।
आरोपी ने व्यापारी को धमकाते हुए कहा है कि उसका सुंदर भाटी गिरोह से संपर्क है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी गिरोह से ताल्लुक रखता है या नहीं ये जांच के बाद ही पता चलेगा।